निर्दलीय को समर्थन देकर नैतिकता की बात न करे भाजपा : सोनाल
रांची, 17 जून (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता सोनाल शांति ने कहा है कि संख्या बल में कम होने के बाद चुनावी मैदान से भागने वाले और निर्दलीय को समर्थन देने वालों को नैतिकता की बात नहीं करनी चाहिए।
झारखंड में पूंजीपति से हाथ मिला कर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के मुंह से राजनीतिक सुचिता और नैतिकता की बातें अच्छी नहीं लगती। सोनाल शांति ने यह बातें बुधवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कही।
उन्होंने भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू के बयान पर कहा कि उन्हें यह बताना चाहिए कि दो दिनों से उन्होंने अपने विधायकों को नजरबंद करके क्यों रखा है। कांग्रेस पर आरोप लगाने से पहले उन्हें खुद देखना चाहिए कि उनमें कितनी छटपटाहट है। उन्होंने कहा कि भाजपा आज झारखंड में अपने वजूद के लिए संघर्ष कर रही है। राज्यसभा के निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी को समर्थन देने के कारण भाजपा के आधा दर्जन विधायक नाराज हैं, जिसका परिणाम मतदान के दौरान और बाद में मतगणना के दौरान देखने को मिल जाएगा।
भाजपा के विधायक चुनाव का परिणाम जान रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद जबरन मुस्कुराना उनकी विवशता है।
उन्होंने कहा कि हमारे पोलिंग एजेंट हमारे पूरे संगठन को देखने वाले हमारे प्रभारी हैं, लेकिन भाजपा का उम्मीदवार ही आयातित है।
महागठबंधन के सारे विधायक एकजुट हैं और लगातार कांग्रेसी कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ कांग्रेस के विधायक और झारखंड प्रभारी के राजू और केशव महतो कमलेश सहित अन्य वरीय नेताओं के साथ बैठक कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak