डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि
रामगढ़, 23 जून (हि.स.)। भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी और महान शिक्षाविद डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर मंगलवार को भाजपा रामगढ़ कैंट मंडल की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व मंडल अध्यक्ष सुशांत कुमार पांडेय ने किया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने डॉ मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
मंडल अध्यक्ष सुशांत कुमार पांडेय ने कहा कि डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था। डॉ मुखर्जी ने एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे का नारा देकर जम्मू-कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बनाए रखने के लिए संघर्ष किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में धारा 370 हटाकर डॉ मुखर्जी के सपनों को साकार करने का कार्य किया गया है।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बताए राष्ट्र प्रथम के मार्ग पर चलने और देश की एकता, अखंडता एवं विकास के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर राजीव रंजन प्रसाद, दीपक सोनकर, संजय साह, विनीता सिंह, अमित अग्रवाल, ऋषिकेश सिंह, सौरभ जायसवाल, अमित ठाकुर, आकाश गुप्ता, मुकेश तिवारी, अमर कुमार, अमर भारती, देव कुमार सहित कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश