भाजपा प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का आह्वान
पूर्वी सिंहभूम, 15 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जमशेदपुर महानगर जिला की ओर से सोनारी स्थित चित्रगुप्त भवन में आयोजित दो दिवसीय “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा-अभियान-2026” का शनिवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने विधिवत उद्घाटन किया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और वंदे मातरम् के साथ हुई।
उद्घाटन के बाद प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने प्रशिक्षण परिसर में लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में संगठन की विचारधारा, सेवा कार्यों, सरकार की उपलब्धियों और ऐतिहासिक विषयों से जुड़ी सामग्री प्रदर्शित की गई थी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
अपने संबोधन में आदित्य साहू ने कहा कि प्रशिक्षण अभियान कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति और राष्ट्रसेवा के मूल मंत्र से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित, सेवा और संगठन की भावना के साथ कार्य करता है और यही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।
प्रदेश अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए भाजपा की रीति, नीति और विचारधारा के साथ निरंतर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण अभियान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और कार्यकर्ताओं में वैचारिक दृढ़ता लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
आदित्य साहू ने कार्यकर्ताओं से आगामी कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त अनुभव और मार्गदर्शन को बूथ स्तर तक पहुंचाना आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ‘एकात्म मानववाद’ और ‘अंत्योदय’ के सिद्धांतों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं, प्रशिक्षण वर्ग में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिनेशानंद गोस्वामी, प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, विधायक पूर्णिमा साहू, प्रदेश मंत्री शैलेन्द्र सिंह, जिला अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे