बिरसा मुंडा की जयंती पर उलिहातू से कोकर तक 73 किलोमीटर की पदयात्रा निकालेगी भाजपा

 




-13 से 15 नवंबर तक होगी तीन दिवसीय यात्रा-17 से 20 नवंबर तक विभिन्न प्रमंडलों में जनजातीय गौरव सम्मेलन होंगे आयोजित

रांची, 11 नवंबर (हि.स.)। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) झारखंड प्रदेश की ओर से व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत 13 से 15 नवंबर तक भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू (खूंटी) से उनके समाधि स्थल कोकर (रांची) तक करीब 73 किलोमीटर की तीन दिवसीय पदयात्रा निकाली जाएगी। वहीं, 17 से 20 नवंबर तक राज्य के विभिन्न प्रमंडलों में जनजातीय गौरव सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से जनजातीय महापुरुषों के संघर्ष, बलिदान और योगदान को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

यह जानकारी भाजपा एसटी मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद समीर उरांव ने बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मार्गदर्शन में 11 से 18 नवंबर तक देशभर में जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि 13 नवंबर को सुबह 10 बजे भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू (अड़की मंडल) से पदयात्रा शुरू होगी। सायको मोड़ और झीलकिता मोड़ होते हुए यात्रा खूंटी ग्रामीण एवं खूंटी महानगर पहुंचेगी। शाम छह बजे खूंटी स्थित भाजपा कार्यालय में रात्रि विश्राम होगा।

14 नवंबर को सुबह 10 बजे खूंटी से पदयात्रा आगे बढ़ेगी। कालामाटी (रांची पूर्वी), तुपुदाना चौक, हटिया चौक, बिरसा चौक और अल्बर्ट एक्का चौक (फिरायालाल) होते हुए शाम छह बजे बिरसा मुंडा संग्रहालय, जेल चौक, रांची पहुंचेगी।

15 नवंबर को सुबह नौ बजे जेल चौक से पदयात्रा शुरू होगी। इसमें प्रदेश और रांची के तीनों सांगठनिक जिलों के कार्यकर्ता शामिल होंगे। सुबह 11 बजे कोकर स्थित भगवान बिरसा मुंडा के समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ पदयात्रा का समापन होगा।

17 नवंबर को दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के तहत गुमला जिले के सिसई रेडवा बगीचा और रायडीह में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें गुमला जिले के कार्यकर्ता शामिल होंगे। प्रमुख वक्ताओं में समीर उरांव, सुदर्शन भगत, दिनेश उरांव, शिवशंकर उरांव, अरुण उरांव, गंगोत्री कुजूर और कमलेश उरांव शामिल होंगे।

18 नवंबर को संथाल परगना प्रमंडल का सम्मेलन साहिबगंज के भोगनाडीह में होगा। इसमें साहिबगंज, पाकुड़, दुमका और गोड्डा जिलों की सहभागिता रहेगी। प्रमुख वक्ताओं में बाबूलाल मरांडी और चंपाई सोरेन शामिल होंगे। इसी दिन कोल्हान प्रमंडल का सम्मेलन चाईबासा में आयोजित होगा। इसमें चाईबासा, चक्रधरपुर, सरायकेला-खरसावां, जमशेदपुर महानगर और पूर्वी सिंहभूम के कार्यकर्ता शामिल होंगे। प्रमुख वक्ताओं में अर्जुन मुंडा, रघुवर दास, गीता कोड़ा, जेबी तुबिद, शशिभूषण सामड़, गुरूचरण नायक, मेनका सरदार और मीरा मुंडा के नाम शामिल हैं।

19 नवंबर को पलामू प्रमंडल का सम्मेलन मेदिनीनगर के दूबियाखार स्थित मेदिनीराय चौक पर होगा। इसमें पलामू, गढ़वा और लातेहार जिलों की सहभागिता रहेगी। प्रमुख वक्ताओं में कालीचरण सिंह, बीडी राम, सुनील सिंह, भानू प्रताप शाही, सत्यनारायण तिवारी, जय प्रकाश भोगता, प्रकाश राम, आलोक चौरसिया, शशिभूषण मेहता और रामचंद्र चंद्रवंशी शामिल होंगे। इसी दिन दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल का सम्मेलन सिलागाई में आयोजित होगा। इसमें रांची महानगर, रांची पूर्वी, रांची पश्चिमी और लोहरदगा जिलों के कार्यकर्ता शामिल होंगे। प्रमुख वक्ताओं में आदित्य साहू, रामकुमार पाहन और दीपक प्रकाश शामिल हैं।

20 नवंबर को दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल का एक अन्य सम्मेलन गुमला जिले के चिंगरी, विशुनपुर में होगा। इसमें प्रमुख वक्ताओं के रूप में समीर उरांव, सुदर्शन भगत, दिनेश उरांव, शिवशंकर उरांव, अरुण उरांव, गंगोत्री कुजूर और कमलेश उरांव शामिल होंगे।

समीर उरांव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत के शोषण और अत्याचार के खिलाफ ऐतिहासिक उलगुलान का नेतृत्व किया था। उन्होंने जनजातीय समाज को संगठित कर जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। उनका नारा 'अबुआ दिशुम, अबुआ राज' आज भी स्वाभिमान और अधिकारों की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि तिलका मांझी, सिद्धो-कान्हू, चांद-भैरव, फूलो-झानो, बुधु भगत, तेलंगा खड़िया, टंट्या भील, रानी दुर्गावती, अल्लूरी सीताराम राजू और कोमराम भीम जैसे जनजातीय वीरों का बलिदान देश के इतिहास का गौरवशाली अध्याय है।

उरांव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2021 में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया गया। वर्ष 2023 में प्रधानमंत्री ने उलिहातू पहुंचकर भगवान बिरसा मुंडा को नमन किया था और पीएम जनमन योजना की शुरुआत की थी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार जनजातीय समाज के विकास और सम्मान के साथ ही उसके महापुरुषों के योगदान को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए लगातार काम कर रही है।

अंत में उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और जनजातीय समाज के लोगों से पदयात्रा तथा सम्मेलनों में बड़ी संख्या में शामिल होकर धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की।

प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अशोक बड़ाईक, पूर्व विधायक रामकुमार पाहन और भाजपा एसटी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो उपस्थित थे।----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे