गुरु रविदास की जन्मस्थली से लाई गई पवित्र मिट्टी का 31 जुलाई को रांची में होगा स्वागत

 


रांची, 28 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी 'समरसता संकल्प अभियान' के तहत 31 जुलाई को उनकी जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) से लाई जा रही पवित्र मिट्टी का रांची के पंडरा में हजारों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में स्वागत किया जाएगा। इसके बाद शोभायात्रा के माध्यम से पवित्र मिट्टी को ऐतिहासिक पहाड़ी मंदिर ले जाया जाएगा, जहां चार दिनों तक वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे।

मंगलवार को आयोजित प्रेसवार्ता में रांची के विधायक सीपी सिंह ने कहा कि संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास ने अपने जीवन और विचारों से सामाजिक समरसता, समानता और मानवता का जो संदेश दिया, वह आज भी पूरे राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि उनकी जन्मस्थली से लाई जा रही पवित्र मिट्टी केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता का संदेश भी लेकर आ रही है।

सीपी सिंह ने कहा कि भाजपा इस अभियान के माध्यम से संत गुरु रविदास के विचारों और उनके जीवन-दर्शन को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि यह अभियान सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने, विभिन्न वर्गों के बीच भाईचारे की भावना को मजबूत करने तथा समाज को एक सूत्र में जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

भाजपा रांची महानगर के जिला अध्यक्ष वरुण साहू ने बताया कि 31 जुलाई को पंडरा में पवित्र मिट्टी के स्वागत के लिए भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, श्रद्धालु और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके बाद शोभायात्रा के साथ पवित्र मिट्टी को पहाड़ी मंदिर ले जाया जाएगा, जहां चार दिनों तक पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि 4 अगस्त को यह पवित्र मिट्टी रांची महानगर के सभी 19 सांगठनिक मंडलों और 247 शक्ति केंद्रों तक पहुंचाई जाएगी। प्रत्येक मंडल एवं शक्ति केंद्र पर धार्मिक, सामाजिक और जनजागरण कार्यक्रम आयोजित कर संत गुरु रविदास के समरसता, समानता और सामाजिक सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

वरुण साहू ने कहा कि समरसता संकल्प अभियान केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज के सभी वर्गों को जोड़ने और संत गुरु रविदास के विचारों को घर-घर तक पहुंचाने का व्यापक जनअभियान है। उन्होंने कहा कि यह अभियान 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' के संकल्प को और अधिक सशक्त बनाने का माध्यम बनेगा।

भाजपा रांची महानगर जिला की ओर से सभी श्रद्धालुओं, सामाजिक संगठनों और कार्यकर्ताओं से इस ऐतिहासिक आयोजन में अधिकाधिक संख्या में शामिल होकर संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास के समरसता, समानता और सामाजिक एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।

प्रेसवार्ता में बलराम सिंह, जितेंद्र वर्मा सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे