बाबा मंदिर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था की मांग को लेकर भाजपा ने साैंपा ज्ञापन

 


देवघर, 19 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के नगर अध्यक्ष सोनाधारी झा ने नगर आयुक्त और उपमहापौर के नाम अपर नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर बाबा मंदिर क्षेत्र में महिला श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शौचालय निर्माण और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

ज्ञापन में कहा गया है कि बाबा मंदिर के आसपास एक भी सार्वजनिक शौचालय उपलब्ध नहीं होने के कारण विशेषकर महिला श्रद्धालुओं को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसे देखते हुए शिवराम झा चौक से फुट ओवरब्रिज के बीच महिला सुरक्षा और सुविधा की दृष्टिकोण से एक शौचालय का निर्माण अत्यंत आवश्यक है। इसके अलावा मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में फैली गंदगी की नियमित सफाई कराने और प्रतिदिन ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों को दुर्गंध एवं अस्वच्छ वातावरण से राहत मिल सके।

सोनाधारी झा ने कहा कि नगर आयुक्त की अनुपस्थिति में अपर नगर आयुक्त को मांग पत्र सौंपा गया है। उन्होंने बताया कि मंदिर क्षेत्र के आसपास फैली गंदगी के कारण श्रद्धालुओं को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही महिलाओं के लिए शौचालय की समुचित नहीं है। उन्होंने कहा कि बाबा धाम की गरिमा और स्वच्छ छवि बनाए रखने के लिए प्रशासन को इस दिशा में शीघ्र कदम उठाना चाहिए। सुविधाएं नहीं मिलने से श्रद्धालुओं में असंतोष बढ़ रहा है और वे स्थानीय प्रशासन के प्रति नाराजगी व्यक्त कर रहे हैं।

मौके पर मीणा झा, रिंकू सिंह, सुभाष गुप्ता, पायल देवी, अनिल वर्मा, कुमार अभिषेक, अमित राज सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy