सड़क पर उतर कर भाजपा के कार्यकर्ताओं ने बंद कराया बाजार

 


रामगढ़, 11 अगस्त (हि.स.)। जेपीएससी, जेएसएससी और सीजीएल सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली और अनियमितता के खिलाफ छात्रों का आंदोलन जारी है। विधानसभा घेराव के दौरान रांची में छात्रों पर हुई लाठीचार्ज के खिलाफ मंगलवार को भाजपा के कार्यकर्ता सड़क पर उतरे। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर जिले में भी भाजपा नेताओं ने प्रदर्शन किया और बाजार बंद कराया। झारखंड बंद के समर्थन में भाजपाइयों ने दुकानदारों, वाहन मालिकों और अन्य संगठनों को भी सहयोग करने की अपील की। शहर के सुभाष चौक, लोहार टोला, शिवाजी रोड, नेहरू रोड, चट्टी बाजार, बाजार टांड़ सहित अन्य सभी स्थानों पर दुकान बंद कराया।

शहर के सुभाष चौक पर बैठकर भाजपा के कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम भी किया। इस दौरान वाहनों की लंबी कतार लग गई। हालांकि इमरजेंसी सेवाएं बाधित नहीं की गई। भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव कुमार बावला ने कहा कि छात्र अपने अधिकार और न्याय की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। लेकिन पुलिस लाठी के दम पर उनका आंदोलन दबाना चाहती है।

भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव कुमार बावला ने कहा कि सरकार का लाठीचार्ज का फैसला उन्हें भारी पड़ने वाला है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा छात्रों के साथ खड़ी है और न्यायपूर्ण संघर्ष को मजबूती प्रदान किया जाएगा। भाजपा नेताओं ने कहा कि जीपीएससी, जेएसएससी, सीजीएल जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं को पार्दर्शिता से आयोजित करना होगा। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा।

रणंजय कुमार कुंटू बाबू, प्रो संजय सिंह, राजू चतुर्वेदी, सुशांत कुमार पांडेय, छोटन सिंह, राजेश ठाकुर, शिव कुमार महतो, शीतल सिंह, शशि शेखर सिंह, ऋषिकेश सिंह, सुदीप मिश्रा सहित अन्य शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश