भाजपा महिला मोर्चा ने निकाला मशाल जुलूस

 




रांची,19 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड में बिगड़ती कानून व्यवस्था, महिलाओं के विरुद्ध बढ़ते अत्याचार एवं हालिया जघन्य घटनाओं के विरोध में रविवार को भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा, रांची महानगर जिला के तत्वावधान में मशाल जुलूस निकाला गया।

यह मशाल जुलूस जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से प्रारंभ होकर अल्बर्ट एक्का चौक तक निकाला गया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यकर्ता हाथों में मशाल एवं पार्टी का ध्वज लेकर सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ीं और अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचकर घंटों तक आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार को जगाना एवं दोषियों के विरुद्ध शीघ्र एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित कराने की मांग उठाना था।

इस अवसर पर भाजपा की उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने कहा कि झारखंड में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। जिस राज्य में बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं, वहां की सरकार को नैतिक रूप से सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। लगातार हो रही जघन्य घटनाएं सरकार की विफलता को उजागर करती हैं। हम मांग करते हैं कि दोषियों के खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाकर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाए, ताकि समाज में कड़ा संदेश जाए।

मशाल जुलूस में मुख्य रूप से विधायक सीपी सिंह, पूर्व सांसद गीता कोड़ा, जिला अध्यक्ष वरुण साहू, आरती कुजूर, के के गुप्ता, शोभा यादव, पायल सोनी, अनीता वर्मा, सीमा सिंह, जितेंद्र वर्मा, ललित ओझा, अर्चना सिंह सहित सैकड़ों महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे