रांची में भाजपा नेताओं ने सुना ‘मन की बात’ का 131वां एपिसोड

 


रांची, 22 फरवरी (हि.स.)। झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने रविवार को रांची के गोंदा मंडल स्थित एक बूथ पर प्रधानमंत्री के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 131वां एपिसोड सुना। कार्यक्रम में भाजपा के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम सुनने के बाद आदित्य साहू ने कहा कि ‘मन की बात’ विकसित भारत के संकल्प को सिद्धि में बदलने का अभियान है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक महीने अंतिम रविवार को प्रसारित होने वाला यह संबोधन देश के करोड़ों लोगों को प्रेरणा से भर देता है।

आदित्य साहू ने कहा कि इस कार्यक्रम में उत्तर से दक्षिण और पूरब से पश्चिम तक के प्रेरक प्रसंगों के माध्यम से बढ़ते और बदलते भारत की तस्वीर सामने आती है। इसमें देशवासियों के पुरुषार्थ की गाथाएं, संस्कृति और प्रकृति की चर्चा के साथ-साथ आधुनिक तकनीक से बदलती दुनिया में भारत की सकारात्मक भूमिका पर भी प्रकाश डाला जाता है।

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नियमित रूप से ‘मन की बात’ सुनें और राष्ट्र निर्माण के प्रयासों से जुड़ें।

झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि ‘मन की बात’ भारत के स्वाभिमान और सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम विरासत और विकास दोनों को साथ लेकर चलता है तथा ‘वोकल फॉर लोकल’ के माध्यम से स्थानीय उत्पादों और परंपराओं को बढ़ावा देता है।

भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश से गुलामी के प्रतीकों को हटाने का निर्णय राष्ट्र के स्वाभिमान को सुदृढ़ करने वाला है।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा ने कहा कि ‘मन की बात’ में उत्तर और दक्षिण भारत की सांस्कृतिक एकात्मकता की झलक मिलती है, जो भारत के सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की चेतना को प्रबल करती है। उन्होंने कहा कि भारत प्राचीन काल से उन्नत तकनीक का निर्माता और शोधकर्ता रहा है तथा आधुनिक तकनीक के विकास में भी तेजी से योगदान दे रहा है।

कार्यक्रम सुनने के अवसर पर भाजपा के कई अन्य नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे और सामूहिक रूप से प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे