बंगाल में सरकार गठन पर झारखंड भाजपा में उत्साह, शुभेंदु अधिकारी को नेताओं ने दी बधाई

 


रांची, 09 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व में नई सरकार के गठन के बाद झारखंड भाजपा खेमे में उत्साह का माहौल देखने को मिला। झारखंड के कई वरिष्ठ नेताओं ने शुभेंदु अधिकारी को बधाई और शुभकामनाएं दीं।

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि पश्चिम बंगाल की पावन धरती, जो डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जन्मभूमि है, वहां भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक विजय और शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में सरकार गठन कार्यकर्ताओं के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने समस्त कार्यकर्ताओं और बंगाल की जागरूक जनता को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि यह विजय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व, राष्ट्रवाद, सुशासन और जनसेवा की राजनीति में जनता के अटूट विश्वास का परिणाम है। उनके अनुसार, भाजपा की यह सरकार पश्चिम बंगाल को विकास, सुशासन और सुरक्षा के नए शिखर पर ले जाएगी तथा राज्य में शांति, समृद्धि और प्रगति का नया अध्याय लिखेगी।

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी शुभेंदु अधिकारी को बधाई देते हुए उनके सफल, जनकल्याणकारी और विकासोन्मुख कार्यकाल की कामना की। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल, जो स्वामी विवेकानंद, चैतन्य महाप्रभु, नेताजी सुभाषचंद्र बोस और गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर जैसी महान विभूतियों की भूमि रही है, वहां नया नेतृत्व राज्य को सुशासन, सुरक्षा, निवेश, रोजगार और सांस्कृतिक गौरव के नए युग की ओर ले जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और नेतृत्व में बंगाल विकास, राष्ट्रवाद, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और घुसपैठ-मुक्त सुरक्षित भविष्य की दिशा में आगे बढ़ेगा।

संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने भी इस अवसर पर शुभेंदु अधिकारी को बधाई दी और इसे भाजपा की नीतियों तथा नेतृत्व की जीत बताया। उन्होंने कहा कि यह सफलता जनता के विश्वास और जनसेवा की राजनीति का प्रतीक है।

इसके अलावा केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, संजय सेठ,राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, अर्जुन मुंडा, चंपाई सोरेन, मधु कोड़ा, सांसद दीपक प्रकाश, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, नीलकंठ सिंह मुंडा, आभा महतो, बालमुकुंद सहाय, डॉ. प्रदीप वर्मा, भानु प्रताप शाही, सुनील सोरेन, मुनेश्वर साहू, गीता कोड़ा, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाउरी एवं मनोज सिंह सहित कई अन्य नेताओं ने भी शुभेंदु अधिकारी को बधाई दी है।

उल्लेखनीय है कि यह पहली बार है जब पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनी है। कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में शुभेंदु अधिकारी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे