भाजपा नेता प्रभात एफसीआई झारखंड राज्य परामर्श समिति के सदस्य मनोनीत
देवघर, 24 जून (हि.स.)। भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) की झारखंड राज्य परामर्श समिति में भाजपा नेता प्रभात कुमार सिंह को सदस्य मनोनीत किया गया है। इस संबंध में एफसीआई के रांची क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से आधिकारिक पत्र जारी कर जानकारी दी गई है।
भारत सरकार के उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के आदेश के अनुसार प्रभात कुमार सिंह को झारखंड राज्य परामर्श समिति का सदस्य नामित किया गया है। यह मनोनयन 30 अप्रैल 2026 से आगामी दो वर्षों की अवधि या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, प्रभावी रहेगा।
जारी पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि परामर्श समिति के सदस्य खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग, एफसीआई या राष्ट्रीय प्रतीक और लोगो के उपयोग के लिए अधिकृत नहीं होंगे। प्रभात कुमार सिंह राजनीतिक पृष्ठभूमि से आते हैं। उनके पिता स्वर्गीय जवाहर प्रसाद सिंह जरमुंडी विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुके हैं और क्षेत्र में एक सम्मानित जनप्रतिनिधि के रूप में उनकी पहचान रही है।
एफसीआई की ओर से मनोनयन पत्र की प्रतिलिपि पूर्वी क्षेत्र, कोलकाता के कार्यकारी निदेशक, नई दिल्ली स्थित महाप्रबंधक (समन्वय), उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के अवर सचिव और झारखंड सरकार के गृह विभाग के प्रधान सचिव को भी भेजी गई है।
मनोनयन पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रभात कुमार सिंह ने कहा कि यह दायित्व उनके लिए सम्मान के साथ-साथ जनसेवा का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि झारखंड में अन्न भंडारण, खाद्यान्न वितरण व्यवस्था और कृषक हितों के संरक्षण और संवर्धन के लिए जहां भी उनकी आवश्यकता होगी, वहां वे पूर्ण निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य करेंगे।
उन्होंने इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व तथा निशिकांत दुबे के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy