जनजातीय गौरव दिवस को लेकर भाजपा नेताओं ने दी भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि

 


रांची, 04 नवंबर (हि.स.)। जनजातीय गौरव दिवस की तैयारियों को लेकर भाजपा प्रदेश आयोजन समिति के सदस्यों ने बुधवार को भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातु पहुंचकर धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा को नमन किया और श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इसके बाद भाजपा खूंटी जिला कार्यालय में प्रदेश आयोजन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर झारखंड सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में भाजपा की ओर से भव्य और व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही कार्यक्रमों की रूपरेखा, आयोजन की जिम्मेदारियों और जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति, परंपरा और स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय महापुरुषों के योगदान को जन-जन तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में समीर उरांव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा सहित झारखंड के वीर जनजातीय महापुरुषों का त्याग, संघर्ष और बलिदान देश की अमूल्य धरोहर है। जनजातीय गौरव दिवस उनके अद्वितीय योगदान को स्मरण करने और आने वाली पीढ़ियों को अपनी गौरवशाली विरासत से परिचित कराने का महत्वपूर्ण अवसर है।

इस अवसर पर एसटी मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अशोक बड़ाईक, एसटी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो, भाजपा खूंटी जिला अध्यक्ष आनंद कुमार, खूंटी नगर पंचायत अध्यक्ष रानी टूटी, सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे