निवेश के नाम पर भाजपा नेत्री सहित कई लोगों से 1.37 करोड़ की ठगी, मामला दर्ज
दुमका, 01 सितंबर (हि.स.)। अपराधियों ने खुद की कंपनी बनाकर बकरी पालन योजना में पैसा लेकर और चंद समय में अच्छा रिटर्न का लालच देकर सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय की सहायक प्रोफेसर सह भाजपा नेत्री डाॅ अंजुला मुर्मू सहित 24 लोगों से करीब 1.37 करोड़ रुपये ठग लिये। पीड़िता के बयान पर विवि ओपी थाना की पुलिस ने सात लोगों पर ठगी और ब्लैकमेल करने का मामला दर्ज किया है।
दर्ज प्राथमिकी में प्रोफेसर ने कहा कि दिसंबर 25 में बिहार के नवादा निवासी विनोद कुमार सिंह, रंजीत शर्मा, मनीष कुमार सिंह और विवेक कुमार ने रियल वर्ल्ड एसेस्टस नामक कंपनी की बकरी पालन परियोजना में निवेश का प्रस्ताव दिया। ऑफर दिया कि पहले पैकेज में पांच फीसद और दूसरे 75 फीसद रिटर्न मिलेगा। पहले में 13 और दूसरे पैकेज में आठ माह में मूलधन दोगुना करने का फर्जी आश्वासन देकर एक हजार से 15 लाख रुपया तक निवेश कराकर कई और निवेशकों की आईडी बनाई। पहले चरण में विनोद ने कई बैठकों में पीड़ितों को बहलाकर पैसे लिए। उन्होंने कहा कि अपराधियों ने उनकी सामाजिक छवि और समुदाय में प्रतिष्ठा को भुनाकर कई और लोगों को अपने जाल में फंसाया। विलियम जैकब, सुष्मिता सोरेन और रीता भी इन लोगों के साथ मिली हुई थी। तीनों ने मेरे नाम का सहारा लेकर कई आदिवासी लोगों को जाल में फंसाया। कंपनी का फर्जी कागज देकर निर्दाेष लोगों का पैसा जमा करवाया।
इसके बाद 13 अगस्त ऑनलाइन प्लेटफार्म इंटरनेट से बंद हो गया और विनोद मोबाइल बंद कर फरार हो गया। कंपनी बंद होने के बाद खुद को पत्रकार बताने वाले विलियम जैकेब ने व्हाटसअप पर पब्लिक ग्रुप बनाकर 32 सदस्यों को जोड़ा।
उन्होंने बताया कि विलियम आरोप लगा रहा है कि डॉ अंजुला कंपनी की निदेशक हैं और सुमित नायक सिस्टम ऑपरेटर है। इन दोनों ने पीड़ितों से पैसा लेकर जमा नहीं किया, जबकि वह और सुमित स्वयं पीड़ित हैं। अब आरोपित झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहे हैं और 60 लाख रुपयों की मांग कर रहे हैं।
मामले में विवि ओपी प्रभारी बाजो रजक ने कहा कि बयान
पीड़िता के बयान पर सात लोगों के खिलाफ ठगी के साथ ब्लैकमेल करने का मामला दर्ज किया गया है। मामले साक्ष्य एकत्र किया जा रहा है। मामले की जांच कर आरोपितों पर कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार