भाजपा ने कांग्रेस विधायक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धुर्वा थाना का किया घेराव

 


रांची, 13 नवंबर (हि.स.)। कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर एक नाबालिग आदिवासी बच्ची की ओर से लगाए गए यौन शोषण के गंभीर आरोपों के विरोध में भाजपा रांची महानगर जिला के तत्वावधान में धुर्वा थाना का घेराव किया गया।

महानगर अध्यक्ष वरुण साहू के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने शामिल होकर पीड़िता को न्याय दिलाने और आरोपित विधायक की अविलंब गिरफ्तारी की मांग को लेकर जोरदार आवाज बुलंद की।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह ने कहा कि एक नाबालिग बच्ची के साथ यौन शोषण के लगाए गए आरोप अत्यंत गंभीर और संवेदनशील हैं। महिला सुरक्षा की बात करने वाली व्यवस्था को यह सुनिश्चित करना होगा कि पीड़िता को न्याय मिले, न कि उसे न्याय के लिए दर-दर भटकना पड़े।

उन्होंने कहा कि बेटियों की अस्मिता और सुरक्षा किसी राजनीतिक दल की सीमा में बंधा विषय नहीं है। यह पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। दोषियों को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाना चाहिए। भाजपा महिला मोर्चा पीड़िता को न्याय दिलाने की आवाज मजबूती से उठाता रहेगा।

भाजपा रांची महानगर जिला अध्यक्ष वरुण साहू ने कहा कि एक नाबालिग आदिवासी बच्ची की ओर से लगाए गए गंभीर आरोप पूरे समाज को झकझोरने वाले हैं। यह मामला केवल एक बच्ची के साथ कथित अपराध का नहीं, बल्कि समाज में बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और न्याय व्यवस्था पर विश्वास का भी सवाल है। जब आरोप एक जनप्रतिनिधि पर लगे हों, तो पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि मामले में सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच करते हुए आरोपित विधायक की अविलंब गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।

प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में मांग की कि मामले में त्वरित कानूनी कार्रवाई हो, पीड़िता की पहचान गोपनीय रखी जाए, उसे सुरक्षा एवं उचित सहायता उपलब्ध कराई जाए। पीड़िता को न्याय मिलने और दोषियों पर कानून सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित होने तक भाजपा ने आंदोलन जारी रखने की बात कही।

घेराव कार्यक्रम में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुबोध सिंह गुड्डू, बलराम सिंह, जितेंद्र वर्मा, उमेश यादव, राजू सिंह, संकेत तिवारी, बीना मिश्रा, अनीता वर्मा, इंद्रजीत यादव, दिव्या साहू, शंकर दुबे, गीता गुप्ता सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे