भाजपा किसान मोर्चा की कार्यशाला में जैविक खेती और मोटे अनाज पर जोर
देवघर, 22 जून (हि.स.)। झारखंड प्रदेश भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के निर्देश पर सोमवार को कृषि विज्ञान केंद्र, सुजानी देवघर में जैविक खेती एवं मोटे अनाज के प्रोत्साहन को लेकर कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष विश्वनाथ रवानी ने की। कार्यशाला में किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों, कम समय में फसल उत्पादन और मोटे अनाज की खेती के लाभों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। कृषि विज्ञान केंद्र के निदेशक विवेक कश्यप ने किसानों को वैज्ञानिक खेती, जैविक कृषि पद्धतियों और फसल उत्पादन बढ़ाने के उपायों पर विस्तार से प्रशिक्षित किया।
इस अवसर पर किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष विश्वनाथ रवानी ने किसानों को जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए इसके पर्यावरणीय और आर्थिक लाभों की जानकारी दी। पूर्व विधायक नारायण दास ने भी किसानों को संबोधित करते हुए रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम कर प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया। भाजपा देवघर जिला अध्यक्ष सचिन रवानी ने किसानों को मोटे अनाज (श्री अन्न) के महत्व, पोषण मूल्य और इसकी बढ़ती बाजार मांग के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मोटे अनाज की खेती किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ स्वास्थ्य की दृष्टि से भी अत्यंत लाभकारी है।
कार्यक्रम में जिला प्रभारी अंजनी तिवारी, जिला उपाध्यक्ष पंकज सिंह भदोरिया, जिला मंत्री मनोज मिश्रा, बीटीएम शशांक शेखर, मीडिया प्रभारी दिगंबर रवानी, किसान मोर्चा कार्यालय प्रभारी प्रदीप वर्मा सहित बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया।
कार्यशाला के माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, जैविक खेती और मोटे अनाज के उत्पादन के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया, जिससे कृषि को अधिक लाभकारी और टिकाऊ बनाया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy