20 रुपये लीटर वाला इथेनॉल 101 रुपये में बेच रही भाजपा : केएन त्रिपाठी
पलामू, 28 जुलाई (हि.स.)। केन्द्र सरकार के पेट्रोल और डीजल में इथेनॉल मिक्स कर बेचे जाने के निर्णय पर पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी ने सवाल खड़ा किया है।
पलामू परिसदन में मंगलवार को पत्रकारों से बात करते हुए त्रिपाठी ने कहा कि केन्द्र सरकार वैज्ञानिक स्टडी दबाकर देशवासियों को हजाराें करोड़ रुपये का नुकसान दे रही है। भाजपा और उनके कारोबारी मित्रों को इसका जमकर फायदा हो रहा है। 20 रुपये लीटर बिकने वाला इथेनॉल पेट्रोल और डीजल में मिलाकर 101 रुपये लीटर की कीमत में बेचा जा रहा है।
त्रिपाठी ने कहा कि एक दिन में लाखों करोड़ रुपये का इथेनॉल पेट्रोल और डीजल में मिलाया जा रहा है। यह इथेनॉल भाजपा नेताओं की फैक्ट्रियाें से निकलता है। 20 प्रतिशत इथेनॉल पेट्रोल और डीजल में मिलाए जाने के कारण गाड़ियों के इंजन की लाइफ कम हो रही है। यह देश के लिए काफी गंभीर विषय है।
उन्होंने केन्द्र सरकार से इसे तुरंत रोकने की मांग की है। पहले पेट्रोल और डीजल में इथेनॉल मिक्स करने के वैज्ञानिक आधार सार्वजनिक करने को कहा है। यह भी कहा है कि देश की तमाम गाड़ियों के इंजन पेट्रोल और डीजल आधारित है। ऐसे में पेट्रोल और डीजल मिक्स कर बेचे जाने से पहले इंजन को सुरक्षित रखने के लिए इथेनॉल आधारित किट लगाया जाए। त्रिपाठी ने भाजपा नेताओं की इथेनॉल की कितनी फैक्ट्रियां चल रही हैं, उसे भी बताने को कहा है। इस मौके पर जेकेएम के केन्द्री अध्यक्ष शत्रुध्न कुमार शत्रु, परमदेव सिंह, रंजन दुबे सहित अन्य नेता मौजूद थे।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार