दीपक प्रकाश को राज्यसभा चुनाव में मिलना चाहिए था मौका : इरफान

 


रांची, 12 जून (हि.स.)। स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश के सम्मान और योगदान की चर्चा करते हुए सराहना की। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विचारधारा अलग होने के बावजूद उन्होंने हमेशा झारखंड और यहां के स्थानीय नेताओं का सम्मान किया है। लेकिन भाजपा ने दोबारा उन्हें राज्यसभा में भेजने का मौका नहीं दिया और न ही उसपर कोई विचार किया। उन्हाेंने कहा कि बाहर के लोगों को धनबल के बूते राज्यसभा चुनाव भेजने का काम किया जा रहा है।

मंत्री ने शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि दीपक प्रकाश ने झारखंड में भाजपा संगठन को गांव-गांव तक पहुंचाने और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और अपना पूरा जीवन पार्टी के लिए समर्पित किया है। लेकिन जब उनका राज्यसभा कार्यकाल समाप्त हो रहा है, तब उन्हें दोबारा राज्यसभा भेजने पर विचार क्यों नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी के पास कोई सर्वमान्य उम्मीदवार नहीं था, तो एक अनुभवी और संघर्षशील नेता पर भरोसा जताया जा सकता था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar