भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता के खिलाफ भाजपा का चार दिवसीय आंदोलन, 24 जिलों में डीसी-एसपी कार्यालय घेरेगी

 


रांची, 07 सितंबर (हि.स.)। झारखंड में छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आठ से 11 सितंबर तक राज्य के 24 जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन करेगी और उपायुक्त (डीसी) तथा पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय का घेराव करेगी। जेपीएससी, जेएसएससी, सीजीएल समेत विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने, परीक्षा में गड़बड़ी के आरोपितों की गिरफ्तारी और पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग को लेकर पार्टी ने राज्यव्यापी आंदोलन की तैयारी पूरी कर ली है।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने सोमवार को बताया कि प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर चार दिवसीय आंदोलन के लिए जिलावार प्रमुख नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये नेता संबंधित जिलों में पार्टी के आंदोलन का नेतृत्व करेंगे।

उन्होंने बताया कि केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ आठ सितंबर को गढ़वा में मौजूद रहेंगे। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू आठ सितंबर को रांची, नौ सितंबर को सरायकेला और 11 सितंबर को खूंटी में आंदोलन में शामिल होंगे। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी आठ सितंबर को दुमका, नौ सितंबर को पाकुड़, 10 सितंबर को साहिबगंज और 11 सितंबर को गोड्डा में मौजूद रहेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास आठ सितंबर को हजारीबाग, 10 सितंबर को धनबाद और 11 सितंबर को लोहरदगा में आंदोलन में शामिल होंगे। पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा आठ सितंबर को जमशेदपुर, नौ सितंबर को बोकारो और 11 सितंबर को रामगढ़ में आंदोलन का नेतृत्व करेंगे।

अमर कुमार बाउरी ने बताया कि एसटी मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव नौ सितंबर को सिमडेगा, 10 सितंबर को गुमला और चाईबासा तथा 11 सितंबर को गिरिडीह में कार्यक्रम में शामिल होंगे।

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र राय 10 सितंबर को चतरा और 11 सितंबर को जामताड़ा, जबकि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश नौ सितंबर को पलामू और 10 सितंबर को लातेहार में आंदोलन में शामिल होंगे। मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल नौ सितंबर को कोडरमा और पूर्व मंत्री नीरा यादव 11 सितंबर को देवघर के कार्यक्रम में शामिल होंगी।

जिलावार संयोजकों की भी जिम्मेदारी तय

अमर कुमार बाउरी ने बताया कि आंदोलन को व्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए जिलावार संयोजक भी बनाए गए हैं। रांची और देवघर की जिम्मेदारी गणेश मिश्रा, सरायकेला की बालमुकुंद सहाय, खूंटी की नीलकंठ सिंह मुंडा और दुमका की सुनील सोरेन को दी गई है।

पाकुड़ के लिए कृष्णा महतो, साहिबगंज के लिए अनंत ओझा, गोड्डा और धनबाद के लिए दिलीप वर्मा, हजारीबाग, गढ़वा और पलामू के लिए भानु प्रताप शाही, लोहरदगा के लिए अमित सिंह तथा सिमडेगा के लिए मुनेश्वर साहू को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

गुमला के लिए मनीर उरांव, गिरिडीह के लिए सरोज सिंह, चाईबासा के लिए गीता कोड़ा, जमशेदपुर के लिए आभा महतो, बोकारो के लिए अमर कुमार बाउरी, रामगढ़ के लिए राकेश प्रसाद, चतरा के लिए अमरदीप यादव, जामताड़ा के लिए सुनील सोरेन, लातेहार के लिए मनीर उरांव और कोडरमा के लिए शालिनी बैसखियार को संयोजक बनाया गया है।

छह-छह जिलों में अलग-अलग दिन प्रदर्शन

प्रदेश महामंत्री ने बताया कि आंदोलन के पहले दिन आठ सितंबर को रांची, दुमका, हजारीबाग, गिरिडीह, जमशेदपुर और गढ़वा में प्रदर्शन किया जाएगा। नौ सितंबर को कोडरमा, साहिबगंज, बोकारो, पलामू, सिमडेगा और चाईबासा में आंदोलन होगा। 10 सितंबर को सरायकेला, पाकुड़, धनबाद, गुमला, लातेहार और चतरा में तथा 11 सितंबर को रामगढ़, देवघर, लोहरदगा, खूंटी, गोड्डा और जामताड़ा में प्रदर्शन एवं डीसी-एसपी कार्यालय के घेराव का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।

बाउरी ने कहा कि पिछले दिनों भाजपा के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव के माध्यम से राज्य सरकार को छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने का अल्टीमेटम दिया था। उनके अनुसार, राज्य सरकार की ओर से इस पर कोई पहल नहीं किए जाने के बाद भाजपा ने राज्यव्यापी आंदोलन का निर्णय लिया।

उन्होंने कहा कि भाजपा छात्रों के न्याय की लड़ाई में उनके साथ मजबूती से खड़ी है और भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग को लेकर आंदोलन जारी रखेगी।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे