राज्यपाल से मिला भाजपा का शिष्टमंडल, प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने छात्र आंदोलन से उपजे हालात पर हस्तक्षेप करने का किया आग्रह

 


रांची, 17 अगस्त (हि.स.)। पीएससी-जेएसएससी छात्रों के आंदोलन को लेकर सोमवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में भाजपा का एक शिष्टमंडल राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मिला। राज्यपाल से मिलने वाले भाजपा नेताओं में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी एवं संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह शामिल थे।

भाजपा नेताओं ने इस दौरान राज्यपाल से छात्र आंदोलन से उपजे हालात सहित प्रदेश के अन्य ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा की। भाजपा नेताओं ने कहा कि राज्य भर के छात्र पिछले 24 दिनों से रांची में न्याय की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं। कई छात्र आमरण अनशन के कारण गंभीर अवस्था में अस्पताल में इलाजरत भी हैं, लेकिन सरकार इनकी मांगों को लगातार अनसुनी कर रही है। वार्ता के नाम पर छात्रों को गुमराह किया जा रहा है।

भाजपा नेताओं ने राज्यपाल से इस मामले में हस्तक्षेप कर इस दिशा में ठोस कदम उठाने का आग्रह किया, ताकि छात्रों की जायज मांगों पर सरकार तत्काल विचार कर उसका कोई ठोस समाधान निकाले। इधर राज्यपाल ने आश्वासन दिया कि तमाम परिस्थितियों पर उनकी नजर है।

जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा की सीबीआई जांच की मांग कर रहे छात्रों का आंदोलन विगत 24 दिनों से जारी है। छात्र 14वीं जेपीएससी सिविल सेवा पीटी परीक्षा रद्द करने के साथ-साथ जेएसएससी सीजीएल परीक्षा को भी रद्द कर इसकी सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं। राज्य सरकार ने छात्रों की मांग को देखते हुए कई दौर की वार्ता की है और 14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा के अलावा बैकलॉग 2023 और 2025 को भी रद्द करने की घोषणा की है। इसके अलावा सीआईडी द्वारा हो रही जांच पर छात्रों को भरोसा जताने का आग्रह किया है। इसके बावजूद छात्र मानने को तैयार नहीं हैं और इसकी जांच सीबीआई से कराने को लेकर लगातार आंदोलन कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे