चान्हो घटना की जांच के लिए भाजपा ने बनाई जांच कमेटी
रांची, 26 मई ( हि.स.)। रांची के चान्हो थाना क्षेत्र में हिंदू परिवार के घर में घुसकर मारपीट की घटना को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देशानुसार एक जांच कमेटी गठित की गई है।
यह कमेटी प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा की अध्यक्षता में गठित हुई है। इस कमेटी में नीलकंठ सिंह मुंडा के अलावा पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष आरती कुजूर, पूर्व विधायक जीतू चरण राम, युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विनय जयसवाल, रांची पश्चिमी जिला अध्यक्ष नरेंद्र सिंह और पूर्व प्रत्याशी सन्नी टोप्पो शामिल हैं।
जांच कमेटी 27 मई को चान्हो स्थित घटनास्थल का दौरा करेगी और पीड़ित परिवार से मिलकर सारी वस्तुस्थिति से अवगत होकर एक पूरी विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार कर इसे प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू को सुपुर्द करेगी।
बताया जाता है कि उक्त घटना में महिला और बच्चे को भी गंभीर चोटें आई हैं। राजनीतिक दबाव और तुष्टिकरण की वजह से चान्हो पुलिस की ओर से प्राथमिकी दर्ज करने की बजाय पीड़ित हिंदू परिवार पर समझौते का दबाव बनाए जाने की बात सामने आ रही है।
बाबूलाल मरांडी ने दी आंदोलन की चेतावनी
चान्हो में नाली विवाद को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट के बाद नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने रांची पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बाबूलाल मरांडी ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है साथ ही मामले में आंदोलन करने की चेतावनी तक दी है।
घटना में हुई दो पक्षों में मारपीट के बाद बाबूलाल मरांडी ने एक पक्ष विशेष की तरफ से कार्रवाई का आरोप लगाया है। बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया पर लिखा था कि चान्हो थाना क्षेत्र में एक परिवार के घर में घुसकर मारपीट की सूचना प्राप्त हुई है, जिसमें महिला और बच्चों को भी गंभीर चोट आई हैं।
इसके बाद बाबूलाल ने आरोप लगाया कि राजनीतिक दबाव और तुष्टिकरण की वजह से चान्हो पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने के बजाय पीड़ित परिवार पर समझौते का दबाव बनाए जाने की बात सामने आ रही है।
इधर, बाबूलाल ने रांची पुलिस से अपील है कि मामले में तत्काल संज्ञान लेकर निष्पक्ष रूप से एफआईआर दर्ज की जाए और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करें अन्यथा समाज को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
चान्हो थाना प्रभारी टिंकू रजक ने बताया कि नाली विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई थी जिसमें दोनों ही पक्षों के कुछ लोग घायल हुए हैं। थाना प्रभारी के मुताबिक, दोनों ही पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। एफआईआर थाने में दर्ज कर ली गई है और मामले में जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे