याेजना के शिलान्यास के दौरान भिड़े बीजेपी और कांग्रेस समर्थक
रामगढ़, 30 सितंबर (हि.स.)। शहर का बिजुलिया तालाब के पास बुधवार को सड़क और नाली निर्माण की योजना के लिए शिलान्यास हो रहा था। शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान ही भाजपा सांसद मनीष जायसवाल और कांग्रेस की विधायक ममता देवी के समर्थक आपस में भिड़ गए। पहले तो दोनों ओर से जमकर नारेबाजी हुई। बाद में तो तू-तू-मैं-मैं और नोंक-झोंक शुरू हो गया। मामले पर विधायक ममता देवी ने आपत्ति जताई। इसके बाद दोनों दलों के नेता और समर्थक शांत हुए।
दरअसल शहर में डीएमएफटी फंड से कई योजनाएं स्वीकृत की गई हैं। बिजुलिया तालाब में नाली और सड़क निर्माण के लिए लगभग 02 करोड रुपये की योजना स्वीकृत की गई थी। इस योजना के शिलान्यास के लिए कई बार तिथि निश्चित हुई। सांसद मनीष जायसवाल की मौजूदगी रामगढ़ में नहीं हो पा रही थी। उनके समर्थक और सांसद प्रतिनिधि इस बात पर जोर दे रहे थे कि सांसद इस योजना के शिलान्यास के दौरान मौजूद रहने की इच्छा रखते हैं। दो बार से रद्द हुई तिथि के बाद 26 सितंबर को छावनी परिषद की ओर से 30 सितंबर की तिथि शिलान्यास के लिए तय की गई। मौके पर जब सांसद मनीष जायसवाल अपने समर्थकों के साथ शिलान्यास स्थल पर पहुंचे तो वहां पहले से मौजूद कांग्रेस विधायक ममता देवी और उनके समर्थक नारेबाजी करने लगे। दोनों तरफ से नारेबाजी के बाद गलत टिप्पणियां शुरू हो गई।
वहीं मौके पर विधायक ममता देवी ने कहा कि भाजपा समर्थक हुड़दंग पर उतर आए थे और शांति भंग करने पर उतारू थे। उनकी हुटिंग से परेशान होकर उन्होंने आपत्ति जताई। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि इस दौरान सांसद मनीष जायसवाल ने किसी भी प्रकार की कोई टिप्पणी नहीं की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश