झारखंड भाजपा के नेताओं ने नितिन नवीन को बिहार से राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने पर दी बधाई

 


रांची, 04 मार्च (हि.स.)। झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को बिहार से राज्यसभा का प्रत्याशी बनाए जाने पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि नितिन नवीन एक अनुभवी और समर्पित नेता हैं, जिन्होंने संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्यसभा में उनका अनुभव और नेतृत्व क्षमता पार्टी तथा देशहित में प्रभावी साबित होगा।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने भी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नितिन नवीन का संसदीय अनुभव और संगठनात्मक कौशल राज्यसभा में पार्टी की आवाज को और सशक्त बनाएगा। उन्होंने कहा कि बिहार से उनका प्रत्याशी बनाया जाना पार्टी नेतृत्व का दूरदर्शी निर्णय है।

पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और रघुवर दास ने भी उन्हें बधाई देते हुए कहा कि नितिन नवीन का राजनीतिक अनुभव और जनसरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता उन्हें उच्च सदन में प्रभावी भूमिका निभाने में सक्षम बनाएगी।

शुभकामनाएं देने वालों में संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, चंपई सोरेन, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, डॉ. रविंद्र कुमार राय, डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, पीएन सिंह, अभयकांत प्रसाद, यदुनाथ पांडेय, प्रदेश महामंत्री एवं सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा और मनोज कुमार सिंह सहित अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हैं।

पार्टी नेताओं ने कहा कि नितिन नवीन के राज्यसभा पहुंचने से पार्टी की नीतियों और विचारधारा को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती मिलेगी तथा बिहार और झारखंड सहित पूरे क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा।----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे