विकास योजनाओं के श्रेय को लेकर भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने, बिजुलिया सड़क शिलान्यास पर विवाद

 


रामगढ़, 04 अक्टूबर (हि.स.)। रामगढ़ शहर में विकास योजनाओं का राजनीतिक श्रेय लेने को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस आमने-सामने आ गई हैं। बिजुलिया तालाब के समीप सड़क निर्माण योजना के शिलान्यास को लेकर शुरू हुए विवाद के बीच भाजपा नेताओं सरदार अनमोल सिंह और विजय जायसवाल ने रविवार को प्रेस वार्ता कर कांग्रेस पर विकास योजनाओं का राजनीतिक लाभ लेने का आरोप लगाया।

भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी विकास कार्यों का श्रेय लेने की राजनीति के बजाय योजनाओं को धरातल पर उतारने में विश्वास रखती है। सरदार अनमोल सिंह ने कहा कि रामगढ़ शहर में कई विकास योजनाएं जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) की राशि से संचालित हो रही हैं। खनन एवं औद्योगिक गतिविधियों से जुड़े क्षेत्रों से प्राप्त इस राशि का उद्देश्य जिले में विकास कार्यों को गति देना है।

उन्होंने दावा किया कि डीएमएफटी फंड से शहर में विकास योजनाओं को गति दिलाने में सांसद मनीष जायसवाल की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। उनके अनुसार, सांसद ने न्यास समिति की बैठकों में लगातार इन योजनाओं को लेकर आवाज उठाई है। विकास योजनाओं पर किसी राजनीतिक दल या जनप्रतिनिधि का व्यक्तिगत ठप्पा नहीं लगना चाहिए।

भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि बिजुलिया तालाब के समीप सड़क निर्माण योजना के शिलान्यास के दौरान कांग्रेस नेताओं ने योजना को स्वीकृति दिलाने में अपनी भूमिका का दावा किया, जिसके बाद विवाद उत्पन्न हुआ। भाजपा ने इस दावे पर आपत्ति जताते हुए कहा कि विकास योजनाओं को लेकर राजनीतिक श्रेय की होड़ से बचना चाहिए। इस दौरान भाजपा नेताओं ने विधायक ममता देवी पर भी शहरी क्षेत्र के विकास के लिए पर्याप्त प्रयास नहीं करने का आरोप लगाया।

प्रेस वार्ता में भाजपा नेताओं ने नईसराय के प्रताप नगर मुहल्ले में विशेष प्रमंडल से बनने वाली सड़क का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि सड़क के शिलान्यास के लिए तैयार शिलापट्ट में प्रताप नगर की जगह ‘सर सैयद कॉलोनी’ अंकित कर दिया गया था। भाजपा नेताओं के अनुसार, इसकी जानकारी मिलने के बाद सांसद मनीष जायसवाल ने शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होने से इनकार कर दिया।

उन्होंने बताया कि सांसद ने उपायुक्त और विशेष प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया है कि शिलापट्ट में क्षेत्र का सही नाम दर्ज किए जाने के बाद ही योजना का शिलान्यास किया जाएगा। भाजपा नेताओं ने कहा कि क्षेत्र के नाम और विकास योजनाओं से जुड़े तथ्यों में किसी प्रकार की त्रुटि नहीं होनी चाहिए। उन्होंने विकास कार्यों को राजनीतिक विवाद का विषय बनाने के बजाय जनहित को प्राथमिकता देने की अपील की।

प्रेस वार्ता में नगर अध्यक्ष सुशांत पांडे, ऋषिकेश सिंह, रॉबिन गुप्ता, सत्यजीत सिंह और सौरभ जायसवाल उपस्थित थे।---------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश