प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा का उत्सव, विभिन्न स्थानों पर हुई पूजा-अर्चना

 






रांची, 10 जून (हि.स.)। देश के लोकतांत्रिक इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम देश में सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देने का रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। इस उपलब्धि पर पूरे देश की तरह झारखंड में भी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला। राज्य के विभिन्न हिस्सों में पूजा-अर्चना और विशेष कार्यक्रमों का आयोजन कर प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्रहित में उनके नेतृत्व की निरंतर सफलता की कामना की गई।

झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने इस अवसर पर रांची के मुड़मा स्थित राजी पहाड़ा जतरा शक्ति खूंटा में पाहन एवं सरना समाज के सम्मानित लोगों के साथ पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और राष्ट्र निर्माण के उनके संकल्प की सफलता के लिए प्रार्थना की। साथ ही देश की प्रगति, विकास और जनकल्याण के लिए प्रधानमंत्री को निरंतर शक्ति एवं ऊर्जा मिलने की कामना भी की।

इस अवसर पर बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लगातार 4,399 दिनों तक देश की सेवा कर एक ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया है। यह उपलब्धि देशवासियों के विश्वास, प्रधानमंत्री के समर्पण और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उनके नेतृत्व में देश ने विकास और सुशासन के नए आयाम स्थापित किए हैं।

वहीं, भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने रांची स्थित पहाड़ी मंदिर में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक और पूजा-अर्चना की। यह आयोजन प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में किया गया।

पूजा-अर्चना के दौरान प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु, यशस्वी जीवन और राष्ट्रसेवा के उनके संकल्प की निरंतर सफलता के लिए प्रार्थना की गई। कर्मवीर सिंह ने कहा कि देवाधिदेव महादेव प्रधानमंत्री को स्वस्थ, ऊर्जावान और जनकल्याण के कार्यों में सदैव सफल बनाए रखें तथा उनके नेतृत्व में भारत विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करे।

इसी क्रम में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप वर्मा ने प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी और अन्य पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बोकारो जिले के मामरकोदर स्थित शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान राष्ट्र की निरंतर प्रगति, समृद्धि तथा प्रधानमंत्री के स्वस्थ, दीर्घ और सफल नेतृत्व की कामना की गई।

प्रदीप वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष राष्ट्रहित, जनकल्याण और विकसित भारत के संकल्प को समर्पित रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्यकाल जनसेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण का एक महत्वपूर्ण अध्याय रहा है, जिसने देश के विकास को नई दिशा प्रदान की है।

राज्य के विभिन्न जिलों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने और जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प भी दोहराया।----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे