साहेबगंज के भोगनाडीह में भाजपा मनाएगी हूल दिवस, आयोजन के लिए नौ सदस्यीय समिति गठित
रांची, 26 जून (हि.स.)। झारखंड प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 30 जून को साहेबगंज जिले के ऐतिहासिक अमर शहीद स्थल भोगनाडीह में हूल दिवस का आयोजन करेगी। कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू के निर्देश पर नौ सदस्यीय आयोजन समिति का गठन किया गया है।
समिति में पूर्व विधायक लोबिन हेम्ब्रम, पूर्व सांसद सुनील सोरेन, अमर शहीद सिदो-कान्हो के वंशज मंडल मुर्मू, पूर्व प्रदेश मंत्री दुर्गा मरांडी, वरिष्ठ नेता गणेश तिवारी, साहेबगंज जिला अध्यक्ष गौतम यादव, पाकुड़ जिला अध्यक्ष सरिता मुर्मू, महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री अनिता सोरेन तथा अनुसूचित जनजाति मोर्चा की प्रदेश मंत्री अनिता मुर्मू को शामिल किया गया है। समिति आयोजन की सभी व्यवस्थाओं और कार्यक्रम के सफल संचालन की जिम्मेदारी संभालेगी।
प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने शुक्रवार को बताया कि 30 जून झारखंड के इतिहास में अत्यंत महत्वपूर्ण तिथि है। उन्होंने कहा कि संताल परगना और झारखंड की धरती क्रांतिकारियों के अदम्य साहस और बलिदान की गवाह रही है। वर्ष 1855 में इसी दिन अमर शहीद महानायक सिदो-कान्हो के नेतृत्व में अंग्रेजी शासन के खिलाफ हूल क्रांति का शंखनाद किया गया था, जिसने औपनिवेशिक सत्ता को खुली चुनौती दी थी।
उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक आंदोलन में चांद-भैरव तथा फूलो-झानो ने भी अग्रणी भूमिका निभाई थी। आदिवासी समाज का शोषण और दमन के विरुद्ध संघर्ष तथा उलगुलान का इतिहास भारत की आजादी की लड़ाई से भी पहले का है। 30 जून 1855 को अंग्रेजी शासन के खिलाफ शुरू हुआ यह जनविद्रोह भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के महत्वपूर्ण अध्यायों में से एक माना जाता है।
बाउरी ने कहा कि भाजपा स्वतंत्रता संग्राम और जनजातीय समाज के महानायक रहे सिदो-कान्हो, चांद-भैरव और फूलो-झानो सहित सभी वीर शहीदों के योगदान का सम्मान करती है और समय-समय पर उनका स्मरण करती रही है। उन्होंने बताया कि हूल दिवस को व्यापक स्तर पर मनाने का निर्णय इन्हीं महानायकों के प्रति श्रद्धांजलि और उनके बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से लिया गया है।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे