रिम्स निदेशक को प्रताड़ित कर इस्तीफा देने पर मजबूर किया गया : भाजपा

 


रांची, 26 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता रमाकांत महतो ने आरोप लगाया है कि राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) के निदेशक डॉ. राजकुमार स्वास्थ्य विभाग में कथित अवैध वसूली की व्यवस्था के सबसे बड़े अवरोध बन गए थे। इसी कारण उन्हें लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और अंततः इस्तीफा देने के लिए विवश होना पड़ा।

महतो ने शुक्रवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में आरोप लगाया कि दलित अधिकारियों का शोषण और उत्पीड़न करना कांग्रेस की पुरानी कार्यशैली रही है। उन्होंने कहा कि डॉ. राजकुमार की नियुक्ति के बाद से ही स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के इशारे पर उन्हें विभिन्न प्रकार की प्रशासनिक परेशानियों का सामना करना पड़ा। यहां तक कि उन्हें पद से हटाने का आदेश भी जारी किया गया, लेकिन उच्च न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद वे अपने पद पर बने रहे। महतो का दावा है कि न्यायालय का यह निर्णय स्वास्थ्य मंत्री को स्वीकार नहीं था।

भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य मंत्री ने विभाग को कथित रूप से अवैध उगाही का केंद्र बना दिया है। उनके अनुसार विभाग में मनचाहे अधिकारियों की नियुक्ति कर उनसे वसूली कराई जा रही है, जबकि ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ और विशेष रूप से दलित अधिकारियों को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है।

महतो ने कहा कि डॉ. राजकुमार एक अनुभवी चिकित्सक एवं कुशल प्रशासक हैं। उन्होंने रिम्स की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए कई महत्वपूर्ण और सकारात्मक पहल कीं, लेकिन स्वास्थ्य मंत्री द्वारा लगातार उनके कार्यों में हस्तक्षेप किया गया। उन्हें बदनाम करने का प्रयास किया गया तथा बिना समुचित जानकारी दिए सीआईडी जांच का हवाला देकर मानसिक रूप से मानसिक दबाव में रखा गया। इससे उनके स्वाभिमान को गहरी ठेस पहुंची और अंततः उन्हें इस्तीफा देने के लिए मजबूर होना पड़ा।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि वर्तमान में झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था बद से बदतर स्थिति में पहुंच चुकी है। अस्पतालों में संसाधनों की कमी, अव्यवस्था और प्रशासनिक अराजकता चरम पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस स्थिति के लिए स्वास्थ्य मंत्री नैतिक रूप से जिम्मेदार हैं।

महतो ने राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को बचाने तथा प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से तत्काल अपने पद से इस्तीफा देने की मांग की।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे