झारखंड में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त, अपराधियों की समानांतर सरकार चल रही : दीनदयाल बरनवाल
रांची, 10 जुलाई (हि.स.)।भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के झारखंड प्रदेश प्रवक्ता दीनदयाल बरनवाल ने राज्य में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए हेमंत सोरेन सरकार पर कानून व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि झारखंड की कानून व्यवस्था पूरी तरह सरकार के नियंत्रण से बाहर हो चुकी है और अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि वे खुलेआम वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ऐसी स्थिति में आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।
शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बरनवाल ने कहा कि सरकार की प्रशासनिक विफलता और उदासीनता के कारण राज्य में अपराधियों की समानांतर सरकार चल रही है। पुलिस तंत्र बेबस और असहाय नजर आ रहा है, जबकि अपराधी बिना किसी भय के लगातार हत्या, लूट, डकैती, अपहरण, दुष्कर्म और अन्य संगीन अपराधों को अंजाम दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राजधानी रांची से लेकर औद्योगिक नगरी जमशेदपुर तथा राज्य के विभिन्न जिलों में आपराधिक घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है। हालात ऐसे हो गए हैं कि आम नागरिक अपने घरों से बाहर निकलने में भी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। कानून का डर अपराधियों में पूरी तरह खत्म हो चुका है, जिससे प्रदेश में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।
बरनवाल ने जमशेदपुर की हालिया घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पुलिस वैन से खींचकर हिमांशु सिंह की हत्या की घटना अभी लोगों के जेहन से उतरी भी नहीं थी कि मानगो में युवक राहुल की नृशंस हत्या कर दी गई। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही ऐसी घटनाएं इस बात का स्पष्ट संकेत हैं कि अपराधियों को पुलिस और कानून का कोई भय नहीं रह गया है। पुलिस की मौजूदगी भी अब अपराधियों को अपराध करने से नहीं रोक पा रही है।
उन्होंने राजधानी रांची की स्थिति पर भी चिंता जताते हुए कहा कि यहां भी अपराधी लगातार पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती दे रहे हैं। हाल ही में शहर के सुरक्षित माने जाने वाले अशोक नगर इलाके में बिल्डरों के घरों में चोरी और डकैती की घटनाओं ने पुलिस व्यवस्था की गंभीर कमजोरियों को उजागर कर दिया है। यदि राजधानी के पॉश इलाकों में भी लोग सुरक्षित नहीं हैं, तो राज्य के अन्य हिस्सों की स्थिति का सहज अनुमान लगाया जा सकता है।
महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि राज्य में दुष्कर्म और महिला उत्पीड़न की बढ़ती घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि मानगो में महिला को शराब पिलाकर सामूहिक दुष्कर्म तथा गोड्डा में मोबाइल खोजने का झांसा देकर महिला से गैंगरेप जैसी घटनाओं ने पूरे प्रदेश को शर्मसार किया है। ये घटनाएं राज्य में फैली अराजकता और बिगड़ती कानून व्यवस्था का स्पष्ट प्रमाण हैं।
बरनवाल ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार अपराध नियंत्रण के बजाय अन्य मुद्दों में व्यस्त है, जबकि जनता की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते अपराध पर प्रभावी नियंत्रण नहीं किया गया तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।
भाजपा प्रवक्ता ने राज्य सरकार से मांग की कि बिगड़ती कानून व्यवस्था को तत्काल नियंत्रित करने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने, पुलिस व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने तथा प्रदेश की जनता को भयमुक्त और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की मांग की। ---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे