भ्रष्टाचार और लूट खसोट बनी झारखंड सरकार की पहचान :भाजपा

 


रांची, 29 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता अविनेश कुमार सिंह ने झारखंड सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि राज्य में भ्रष्टाचार व्यापक स्तर पर फैल चुका है और वर्तमान सरकार के कार्यकाल में यह व्यवस्था का हिस्सा बन गया है। उन्होंने दावा किया कि भ्रष्टाचार और लूट-खसोट की वजह से झारखंड की प्रशासनिक छवि लगातार खराब हो रही है।

शनिवार को एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर अविनेश कुमार सिंह ने कहा कि हेमंत सरकार के कार्यकाल में कुप्रबंधन और भ्रष्टाचार के कारण राज्य की स्थिति बिगड़ गई है। उनके अनुसार, लगभग सभी सरकारी विभागों में अनियमितताएं व्याप्त हैं और भ्रष्टाचार अब सामान्य प्रक्रिया जैसा प्रतीत होने लगा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि मंईयां सम्मान योजना के सत्यापन कार्य में भी अवैध वसूली की शिकायतें सामने आई हैं। इसके अलावा मनरेगा और भूमि म्यूटेशन जैसी योजनाओं में भी बड़े पैमाने पर गड़बड़ियों के आरोप लगातार लगते रहे हैं।

भाजपा प्रवक्ता ने यह भी कहा कि मंत्रियों के जनता दरबार तक में भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतें पहुंच रही हैं, लेकिन सरकार उन पर ठोस कार्रवाई करने के बजाय केवल औपचारिकता निभा रही है। उन्होंने दावा किया कि सत्तारूढ़ गठबंधन के एक पूर्व मंत्री (योगेंद्र साव) द्वारा भी ट्रांसफर और पोस्टिंग में पैकेज के आधार पर लेनदेन की बात सार्वजनिक रूप से कही जा चुकी है, जिससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होते हैं।

उन्होंने हाल ही में सामने आए ट्रेजरी घोटाले का उल्लेख करते हुए कहा कि अब तक इसकी जांच की स्थिति स्पष्ट नहीं है और बड़े अधिकारियों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। साथ ही ऊर्जा विभाग में लगभग 100 करोड़ रुपये की गड़बड़ी और स्वास्थ्य विभाग से जुड़े मामलों को भी गंभीर बताया।

अविनेश कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि जब विपक्ष इन मुद्दों को उठाता है, तो सरकार जवाबदेही तय करने के बजाय राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश करती है। इससे निष्पक्ष जांच और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल उठते हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि सरकार द्वारा कानूनी मामलों और प्रशासनिक गतिविधियों पर भारी खर्च किया जा रहा है, जिससे जनता के संसाधनों का दुरुपयोग हो रहा है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और ग्रामीण विकास जैसी बुनियादी सेवाओं की स्थिति भी पारदर्शिता की कमी और भ्रष्टाचार के आरोपों से प्रभावित हो रही है।

भाजपा प्रवक्ता ने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द ही पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित नहीं करती है, तो भाजपा राज्यव्यापी जनआंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा भ्रष्टाचार के खिलाफ जनता की आवाज को लगातार उठाती रहेगी।------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे