निकाय चुनाव मतगणना बीच में रोके नहीं राज्य सरकार: आदित्य साहू
रांची, 24 फरवरी (हि.स.)। झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने राज्य सरकार पर मतगणना प्रक्रिया को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि मतदान में पराजित सरकार अब मतगणना के दौरान गड़बड़ी की योजना बना रही है।
आदित्य साहू ने बयान जारी कर कहा कि रात 8 बजे मतगणना रोककर उसे अगले दिन पूरा करने का निर्णय संदेह पैदा करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस फैसले के पीछे सरकार की मंशा ठीक नहीं है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मतगणना केंद्रों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरे केवल दिखावा साबित हो रहे हैं। उन्हें ऐसी सूचनाएं मिल रही हैं कि कई कैमरे सही ढंग से काम नहीं कर रहे हैं। उन्होंने इसे पारदर्शिता के लिए गंभीर चिंता का विषय बताया।
आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि राज्य में पहले कोयला और बालू चोरी की घटनाएं सामने आती रही हैं और अब वोट चोरी का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया की पवित्रता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग से आग्रह किया कि मतगणना की प्रक्रिया को बीच में न रोका जाए और इसे एक ही दिन में पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से पूरा किया जाए, ताकि किसी प्रकार की शंका की गुंजाइश न रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे