भाजपा ने आयोजित की 12 साल बेमिसाल कार्यशाला

 


देवघर, 01 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय में 12 साल बेमिसाल – विकास, विश्वास और जनकल्याण विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष सचिन रवानी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में जिला प्रभारी यदुनंदन पाठक उपस्थित थेे। कार्यशाला को संबोधित करते हुए सचिन रवानी ने कहा कि देश की जनता ने जिस विश्वास और भरोसे के साथ नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाया, उन्होंने पिछले 12 वर्षों में अपने जीवन का हर क्षण देश सेवा और जनकल्याण के लिए समर्पित किया है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति संतोषजनक नहीं थी, लेकिन मोदी सरकार ने गरीब, किसान, मजदूर, युवा, महिला और वंचित वर्गों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए अनेक योजनाएं लागू कीं।

उन्होंने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन, हर घर शौचालय अभियान, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना तथा नल से जल योजना जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे करोड़ों लोगों को लाभ मिला है। सचिन रवानी ने देवघर में हुए विकास कार्यों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से देवघर में एम्स, देवघर एयरपोर्ट, रिंग रोड तथा रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण जैसे महत्वपूर्ण कार्य संपन्न हुए हैं।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, अनुच्छेद 370 हटाने, महिला आरक्षण विधेयक और तीन तलाक जैसी ऐतिहासिक पहलें भी की हैं। कार्यशाला में जिला प्रभारी यदुनंदन पाठक ने कहा कि केंद्र सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता है।

साथ ही उन्होंने राज्य सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली को लेकर भी भाजपा कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि 05 जून से 20 जून तक विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से केंद्र सरकार की उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। विश्व पर्यावरण दिवस पर एक पेड़ मां के नाम अभियान चलाया जाएगा, जबकि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रखंड स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री अभयानंद झा ने किया। इस अवसर पर संजीव जजवाड़े, रीता चौरसिया, सुनीता सिंह, पंकज सिंह भदोरिया, मुकेश पाठक, मनोज मिश्रा, संतोष मुर्मू, सुलोचना देवी, अलका सोनी, धनंजय तिवारी, बलवीर राय, प्रह्लाद यादव, सोना धारी झा, संजय गुप्ता, निरंजन देव, गंगाधर मंडल, सुमित रवानी, काशी मंडल सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थेे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy