बीआईटी मेसरा-आईआईटी खड़गपुर के बीच शैक्षणिक-शोध सहयोग के लिए एमओयू

 


रांची, 21 जून (हि.स.)। बीआईटी मेसरा और आईआईटी खड़गपुर ने संयुक्त शोध, शैक्षणिक सहयोग और संस्थागत क्षमता निर्माण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार को पांच वर्ष के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के तहत दोनों संस्थान शोध, नवाचार और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में मिलकर कार्य करेंगे।

बीआईटी मेसरा के कुलपति प्रो. इंद्रनील मन्ना और आईआईटी खड़गपुर के निदेशक प्रो. सुमन चक्रवर्ती ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए।

इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि प्रो. इंद्रनील मन्ना ने कहा कि यह साझेदारी बीआईटी मेसरा की अकादमिक उत्कृष्टता और नवाचार आधारित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इससे छात्रों और शिक्षकों को नए अवसर मिलेंगे तथा राष्ट्रीय प्राथमिकताओं से जुड़े शोध कार्यों को बढ़ावा मिलेगा।

समझौते के तहत संयुक्त पीएचडी सुपरविजन, छात्र एवं फैकल्टी विनिमय, समर एवं विंटर इंटर्नशिप, संयुक्त शोध परियोजनाएं, प्रयोगशालाओं का साझा उपयोग तथा फैकल्टी विकास कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। इसके अलावा संयुक्त एम.टेक-पीएचडी और ड्यूल डिग्री कार्यक्रमों पर भी विचार किया जाएगा।

आईआईटी खड़गपुर के निदेशक प्रो. सुमन चक्रवर्ती ने कहा कि यह समझौता ज्ञान के आदान-प्रदान, संयुक्त अनुसंधान और क्षमता निर्माण को नई दिशा देगा। यह साझेदारी राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ऊर्जा, जल संसाधन, जलवायु और रक्षा प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में अनुसंधान को प्रोत्साहित करेगी। एमओयू के दौरान दोनों संस्थानों के वरिष्ठ प्रोफेसर एवं अधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar