बिशप सीमान्त का निधन अपूरणीय क्षति : शिल्पी
रांची, 30 अक्टूबर (हि.स.)। जीईएल चर्च, रांची के बिशप आरटी रेव सीमान्त संदीप तिर्की के आकस्मिक निधन से कलीसिया समाज सहित सामाजिक जगत में शोक की लहर है। उनके निधन की सूचना मिलने पर शुक्रवार को मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की और पूर्व मंत्री बंधु तिर्की शुक्रवार को उनके आवास पहुंचे। दोनों ने दिवंगत बिशप के पार्थिव शरीर पर श्रद्धासुमन अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।
मौके पर मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की और बंधु तिर्की ने कहा कि बिशप सीमान्त संदीप तिर्की का निधन कलीसिया समाज के साथ-साथ पूरे सामाजिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। दोनों नेताओं ने कहा कि समाज के दबे-कुचले, वंचित और जरूरतमंद वर्गों के उत्थान के साथ शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उनका सामाजिक कार्य और सेवा भावना आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar