बिरसा मुंडा जैविक उद्यान कर्मचारी संघ का सम्मेलन सम्पन्न
रांची, 08 जून (हि.स.)। रांची स्थित बिरसा मुंडा जैविक उद्यान (चिड़ियाघर) में बिरसा मुंडा जैविक उद्यान कर्मचारी संघ का द्वितीय सम्मेलन सोमवार को सम्पन्न हुआ।
सम्मेलन में कर्मचारियों की सेवा सुरक्षा, स्थायीकरण, ईएसआई सुविधा, कार्यस्थल की समस्याओं और संगठन को मजबूत करने के सवालों पर चर्चा की गई।
सम्मेलन में सीटू के राज्य उपाध्यक्ष प्रकाश विप्लव और रांची जिला सचिव प्रतीक मिश्र पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित थे।
अपने संबोधन में प्रकाश विप्लव ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर लागू किए जा रहे श्रम संहिता (लेबर कोड) मजदूरों के अधिकारों पर हमला है और इससे रोजगार एवं सामाजिक सुरक्षा और कमजोर होगी।
उन्होंने बिरसा मुंडा जैविक उद्यान के कर्मचारियों की ईएसआई सुविधा सुनिश्चित करने, वर्षों से कार्यरत कर्मचारियों के स्थायीकरण और अन्य लंबित मांगों के समाधान के लिए संगठित संघर्ष को मजबूत करने का आह्वान किया।
सम्मेलन में नई कार्यकारिणी का चुनाव सम्पन्न हुआ, जिसमें शंकर महतो अध्यक्ष और मणी मुंडा महामंत्री निर्वाचित हुए। नव-निर्वाचित नेतृत्व ने कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान और संगठन की मजबूती के लिए संघर्ष तेज करने का संकल्प व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak