बिरसा कृषि विश्वविद्यालय में धूमधाम से मनाई गई भगवान बिरसा मुंडा की जयंती

 


रांची, 14 नवंबर (हि.स.)। बिरसा कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू) में शनिवार को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर वक्ताओं ने उनके जीवन-दर्शन, त्याग, संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनके सपनों के अनुरूप झारखंड का निर्माण करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बीएयू के आनुवंशिकी एवं पौधा प्रजनन विभाग की पूर्व अध्यक्ष डॉ. वायलेट केरकेट्टा थीं। कृषि संकाय के डीन डॉ. डीके शाही, निदेशक अनुसंधान डॉ. पीके सिंह और कुलसचिव डॉ. शैलेश चट्टोपाध्याय ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा, अंग्रेजों के अत्याचार के खिलाफ उलगुलान तथा समाज में व्याप्त अपसंस्कृति के उन्मूलन में भगवान बिरसा मुंडा के योगदान की चर्चा की। स्वागत भाषण निदेशक छात्र कल्याण डॉ. बीके अग्रवाल ने दिया।

डॉ. अरुण कुमार तिवारी के समन्वयन में विश्वविद्यालय मुख्यालय स्थित विभिन्न महाविद्यालयों- रांची कृषि महाविद्यालय, पशु चिकित्सा महाविद्यालय, कृषि अभियांत्रिकी महाविद्यालय और वानिकी महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने समूह गीत, समूह नृत्य, मिश्रित नृत्य और नाटिका की रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। कृषि अभियांत्रिकी महाविद्यालय के छात्र नितेश पुरी गोस्वामी ने भी भगवान बिरसा मुंडा के जीवन-चरित पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन पशु चिकित्सा महाविद्यालय के शिवांग और वानिकी महाविद्यालय की शाहीन परबीन ने किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले सभी छात्र-छात्राओं को सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

इससे पहले कृषि अभियांत्रिकी महाविद्यालय परिसर से शोभायात्रा निकाली गई। इसमें नगाड़े और मांदर की थाप पर विश्वविद्यालय के विद्यार्थी, शिक्षक और कर्मचारी नाचते-गाते चल रहे थे। शोभायात्रा भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा तक पहुंची। वहां माल्यार्पण के बाद कृषि महाविद्यालय के प्रेक्षागृह में मुख्य कार्यक्रम शुरू हुआ।

शोभायात्रा में बीएयू के डीन डॉ. आलोक कुमार पांडेय, डॉ. कौशल कुमार, एसोसिएट डीन प्रो. डीके रूसिया, डॉ. संजय कुमार रवि, डॉ. अरविन्द कुमार शर्मा, निदेशक प्रक्षेत्र डॉ. रवि कुमार, डॉ. रामप्रसाद मांझी और एनएस समन्वयक डॉ. अरविन्द कुमार सिंह सहित अन्य लोग शामिल थे।---------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak