ट्रक के चपेट में आने से बाईक सवार व्यक्ति की मौत, मातम

 


दुमका, 31 मार्च (हि.स.)। जिले के हंसडीहा-दुमका मुख्य मार्ग पर मंगलवार को एक सड़क हादसे में 59 वर्षीय मो कमाल की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार हंसडीहा निवासी मो कमाल किसी कार्य से बढ़ेत गांव से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान जब वे हंसडीहा स्थित जिला परिषद डाक बंगला के समीप पहुंचे। तभी विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और मो कमाल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना हंसडीहा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंच स्थानीय लोगों की मदद से घायल को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सरैयाहाट पहुंचाया गया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद मो कमाल को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार उन्हें सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं। जिसके कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। इधर, हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को घटना स्थल से कुछ दुर पर छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक को जब्त कर कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन एवं गांव के लोग अस्पताल पहुंच गए। जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था।

बताया जाता है कि मो कमाल अपने परिवार के मुखिया था। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेज दिया है। समाचार लिखे जाने तक मृतक के परिजनों की ओर से थाना में कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया था। हालांकि, पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच में जुटी हुई है। स्थानीय लोगों ने इस घटना पर दुख जताते हुए प्रशासन से मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है। जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकी जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार