शिशु विद्या मंदिर, बीजुपाड़ा में राधा-कृष्ण रूप सज्जा प्रतियोगिता
रांची, 04 सितंबर (हि.स.)।
सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बीजुपाड़ा, चान्हो में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर राधा-कृष्ण रूप सज्जा प्रतियोगिता और मटका फोड़ कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य और शिक्षकाें ने भगवान श्रीकृष्ण के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
रूप सज्जा प्रतियोगिता में विद्यालय के नन्हे बच्चाें ने राधा और श्रीकृष्ण का आकर्षक रूप धारण कर सभी का मन मोह लिया। बच्चों ने पारंपरिक वेशभूषा, मुकुट, बांसुरी और सुंदर सज्जा के माध्यम से राधा-कृष्ण के स्वरूप को जीवंत किया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इसके बाद मटका फोड़ कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से उत्साह और उमंग के साथ हिस्सा लिया।
कृष्ण जन्माष्टमी के गीतों और जयकारों से विद्यालय परिसर भक्तिमय हो उठा।
इस अवसर पर शिक्षक ने विद्यार्थियों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, आदर्शों तथा कर्म और धर्म के संदेश से अवगत कराया। विद्यालय परिवार ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन बच्चों में भारतीय संस्कृति, परंपरा और नैतिक मूल्यों के प्रति रुचि एवं संस्कार विकसित करते हैं।
मौके पर आचार्य नीलपद महतो, प्रणव पराशर, रमा सिंह, पूजा कुमारी, माया रानी, निक्की कुमारी, मुस्कान कुमारी, सुमन कुमारी, गीता एक्का, प्रीति नेहरिका, प्रियंका कुमारी सहित अन्य गणमान्य मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar