भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर माल्यार्पण कर प्रशासन सहित विभिन्न संगठनों ने दी श्रद्धांजलि

 




दुमका, 15 नवंबर (हि.स.)। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर रविवार को जिले में उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त आवास के समीप और आउटडोर स्टेडियम स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान एसपी पीतांबर सिंह खेरवार, डीडीसी अनिकेत सचान,एसडीएम कौशल कुमार सहित जिला प्रशासन के अन्य पदाधिकारियों ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

इस अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा के अदम्य साहस, संघर्ष, त्याग और देश की स्वतंत्रता एवं आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए उनके ऐतिहासिक योगदान को स्मरण किया गया।

मौके पर वक्ताओं ने कहा कि धरती आबा ने अपने संघर्ष और विचारों से समाज में जागरूकता और स्वाभिमान की भावना को नई दिशा दी। भगवान बिरसा मुंडा का जीवन और उनके आदर्श आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे।

इधर, झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर झारखंड क्रांति सेना की ओर से बिरसा मुंडा चौक पर कार्यक्रम आयोजित हुई । इस दौरान संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष निखिल मुर्मू ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए झारखंड राज्य के निर्माण में अपने प्राणों की आहुति देने वाले तमाम आंदोलनकारियों और वीर शहीदों को नमन किया।

इस मौके पर आसिफ, अरशद, अमरदीप, सनी, सुजीत, ऋषि आदग दर्जन भर संगठन के सदस्य मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार