समाज सेवा का उद्देश्य लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना : डॉ विजय

 


देवघर, 31 मई (हि.स.)। भारत विकास परिषद की बैद्यनाथ धाम शाखा और देवघर शाखा के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को बाजला चौक स्थित परिषद कार्यालय प्रकोष्ठ में कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला का उद्देश्य संगठन की आगामी कार्ययोजनाओं को गति देना, सेवा गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाना और दोनों शाखाओं के बीच समन्वय को मजबूत करना था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रख्यात शिक्षक, लेखक एवं समाजसेवी डॉ विजय शंकर उपस्थित रहे। वहीं भारत विकास परिषद के पूर्वी क्षेत्रीय संयोजक (संपर्क) प्रो अरविंद कुमार झा ने विशिष्ट अतिथि के रूप में अपने विचार रखे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता बैद्यनाथ धाम शाखा के अध्यक्ष संतोष शर्मा ने की। अपने संबोधन में डॉ विजय शंकर ने कहा कि समाज सेवा का वास्तविक उद्देश्य केवल सहायता करना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। उन्होंने कहा कि भारत विकास परिषद जैसे संगठन निस्वार्थ सेवा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। विशिष्ट अतिथि प्रो अरविंद कुमार झा ने कहा कि संगठन की सबसे बड़ी शक्ति संपर्क और समन्वय है। उन्होंने समाज के प्रबुद्ध वर्ग को परिषद के सेवा प्रकल्पों से जोड़ने पर बल देते हुए कहा कि इससे सामाजिक कार्यों का विस्तार होगा और अधिक जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाई जा सकेगी।

अध्यक्ष संतोष शर्मा ने कहा कि यह संयुक्त कार्यशाला दोनों शाखाओं के बीच सामंजस्य को और सुदृढ़ करेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में परिषद सेवा कार्यों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी और स्थानीय स्तर पर जनकल्याणकारी गतिविधियों को और अधिक सक्रियता के साथ संचालित करेगी। कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्रो राखी रानी ने महिला सशक्तिकरण और संगठन में महिलाओं की भूमिका पर विशेष जोर दिया।

कार्यक्रम में संतोष कुमार सिंह, प्रशांत कुमार सिंह, परिमल कुमार सिंह, रंजीत कुमार बरनवाल, रूपा केसरी, माया केसरी, जयप्रकाश गुप्ता, उत्तम कुमार सिंह, संजय कुमार वर्मा, दिनेश कुमार सहित बड़ी संख्या में परिषद के सदस्य एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यशाला के दौरान संगठन की भावी योजनाओं, सेवा प्रकल्पों के विस्तार और समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंच बढ़ाने को लेकर व्यापक चर्चा की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy