रांची के पुंदाग स्थित श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में 254वां अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद भंडारा

 


रांची, 22 फ़रवरी (हि.स.)। श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर, पुंदाग में रविवार को 254वां श्री कृष्ण प्रणामी अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद भंडारा अनुष्ठान श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

अनुष्ठान के दौरान श्री राधा रानी का विशेष श्रृंगार कर विधिवत पूजन किया गया। दोपहर 12 बजे मंदिर के पुजारी अरविंद कुमार पांडेय ने महाप्रसाद का भोग अर्पित किया। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण प्रारंभ हुआ। महाप्रसाद में मसालेदार पुलाव, पुड़ी, आलू-चना की सब्जी और केसरयुक्त खीर शामिल थी।

मंदिर परिसर में उपस्थित तीन हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया, जबकि दिनभर में आठ हजार से अधिक भक्तों ने मंदिर में दर्शन किए। पूरे परिसर में भक्ति और आस्था का वातावरण बना रहा।

महाप्रसाद वितरण के बाद आयोजित भजन संध्या में भजन गायक मनीष सोनी ने श्री राधा-कृष्ण एवं श्री श्याम प्रभु पर आधारित भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। भजनों की स्वर लहरियों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम का समापन सामूहिक महाआरती के साथ हुआ।

ट्रस्ट के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने जानकारी दी कि मंदिर में प्रतिदिन दोपहर 12:30 बजे से 2 बजे तक वेजिटेबल खिचड़ी महाप्रसाद का वितरण किया जाता है, जिसमें प्रतिदिन 500 से अधिक श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करते हैं।

कार्यक्रम में ट्रस्ट के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar