महिलाओं को स्वरोजगार को बढ़ावा दे रहा बीएफसीएल
रामगढ़, 22 मई (हि.स.)। महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए बीएफसीएल लगातार कार्यक्रम चल रहा है। महिलाओं को सिलाई मशीन देकर उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
शुक्रवार को भी बिहार फाउंड्री एंड कास्टिंग्स लिमिटेड की ओर से महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से क्षेत्र की युवतियों के लिए जावेद हबीब पार्लर में नि:शुल्क ब्यूटीशियन प्रशिक्षण कोर्स संचालित कराया जा रहा है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम का पहला बैच है, जिसमें आस-पास के क्षेत्र की 10 युवतियां प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।
यह 09 माह का प्रशिक्षण कार्यक्रम तीन चरणों में संचालित किया जा रहा है, जिसमें ब्यूटी, मेकअप और हेयर ट्रीटमेंट से संबंधित विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण से जुड़ी जानकारी प्राप्त करने के लिए प्लांट प्रबंधन के लोगों ने पार्लर का भ्रमण किया।
इस दौरान प्रशिक्षु युवतियों से बातचीत की गई। युवतियों ने बताया कि वे पूरी मेहनत और लगन से प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं और भविष्य में इस कौशल के माध्यम से आत्मनिर्भर बनना चाहती हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश