गुरु नानक स्कूल में मनाया गया बेवरेजेस डे

 


रामगढ़, 29 जून (हि.स.)। श्री गुरुनानक पब्लिक स्कूल रामगढ़ के यूकेजी अल्फा और यूकेजी ब्रावो के नन्हे विद्यार्थियों ने सोमवार को ‘बेवरेजेस डे’ मनाया। इस दौरान शिक्षिकाओं ने सर्कल टाइम के दौरान विभिन्न पेय पदार्थों के चित्र दिखाकर बच्चों को उनके बारे में जानकारी दी।

वार्तालाप सत्र में बच्चों के साथ स्वास्थ्यवर्धक और अस्वास्थ्यकर पेय पदार्थों पर चर्चा की गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि बाज़ार में मिलने वाले कई फ्लेवर्ड ड्रिंक्स में कृत्रिम फ्लेवर और अत्यधिक चीनी होती है, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकती है। चर्चा का निष्कर्ष यह रहा कि पानी सबसे उत्तम और स्वास्थ्यवर्धक पेय है।

गतिविधि को रोचक एवं अनुभवात्मक बनाने के लिए बच्चों ने स्वयं नींबू से ताज़ा नींबू पानी तैयार किया और उसका आनंद लिया। इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वस्थ पेय पदार्थों के महत्व को व्यावहारिक रूप से समझा। मौके पर विद्यालय की प्रधानाचार्य ने कार्यक्रम में शिक्षिकाओं के प्रयास और विद्यार्थियों के उत्साहपूर्ण सहभागिता की प्रशंसा करते हुए उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के प्रधान परमदीप सिंह कालरा, विद्यालय प्रबंधक समिति के सदस्य सरदार मनमोहन सिंह लांबा, सरदार हरपाल सिंह अरोड़ा, सरदार सुरिंदर पाल सिंह चंडोक, सरदार कुलजीत सिंह कालरा, सरदार वरिंदर सिंह चंडोक, सरदार गुरप्रीत सिंह जॉली सहित अन्य उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश