बीसीआई प्लैटिनम रांची की बैठक में व्यावसायिक सहयोग और नेटवर्किंग पर जोर

 


रांची, 26 जुलाई (हि.स.)। बीसीआई प्लैटिनम रांची की ओर से रविवार को 'पावर वन टू वन' कार्यक्रम के तहत अशोक नगर स्थित मंगलम ऑप्टिकल में बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मेजबानी मंगलम ऑप्टिकल के संचालक राकेश कुमार अग्रवाल ने की। बैठक में सदस्यों के बीच व्यावसायिक सहयोग, नेटवर्किंग और आपसी समन्वय को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक के दौरान राकेश कुमार अग्रवाल ने सनग्लास और विभिन्न प्रकार के चश्मों की गुणवत्ता, उनकी उपयोगिता तथा आंखों की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। साथ ही चश्मों के सही चयन, नियमित उपयोग और उचित रखरखाव के महत्व पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।

इस अवसर पर बीसीआई के मेंटर किशोर मंत्री ने कहा कि 'पावर वन टू वन' कार्यक्रम का उद्देश्य सदस्यों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और व्यावसायिक सहयोग की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि सदस्य एक-दूसरे के व्यवसाय को रेफरल के माध्यम से सहयोग दें, ताकि सभी को अपने कारोबार के विस्तार और विकास के नए अवसर प्राप्त हो सकें।

कार्यक्रम के अंत में राजीव शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन किया। बैठक में बीसीआई के निदेशक धीरज ग्रोवर, रमेश कुमार और अजय कुमार, बीसीआई प्लैटिनम के अध्यक्ष सुनील कालरा, सचिव सुबोध कुमार वर्मा, उपाध्यक्ष आनंद प्रकाश गुप्ता, कोषाध्यक्ष अरविंद कुमार आर्या सहित सरिता अग्रवाल, संजय साहू, डॉ. अनामिका, डॉ. निमिषा, अनुराधा चौधरी, शालेंदु कुमारी, नारायण अग्रवाल तथा अन्य सदस्य उपस्थित रहे।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar