बीएयू ने किसानों को दी जैविक खेती और वनरोपण की जानकारी

 


रांची, 16 मई (हि.स.)। बिरसा कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू) में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के सहयोग से चल रही कृषि वानिकी संबंधी अखिल भारतीय समन्वित अनुसंधान परियोजना के तहत कांके प्रखंड के कोकदोरो पंचायत के चौबे खटंगा गांव में जैविक खेती और वानरोपण संबंधी जागरूकता और पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में वानिकी संकाय के वैज्ञानिक डॉ अनिल कुमार, डॉ प्रभात रंजन उरांव, डॉ अभय कुमार, डॉ एस दास, डॉ अमित बिजलवान और अमन कुमार ने किसानों को जैविक खेती, केंचुआ खाद निर्माण, मिट्टी जांच, फसल चक्र, प्राकृतिक खेती एवं कृषि वानिकी के तहत लगाए जाने वाले प्रमुख वृक्षों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

इस अवसर पर गांव में सागवान, गम्हार और गुलमोहर के 60 पौधे लगाए गए।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान बोधन उरांव और प्रगतिशील किसान संजीव चौबे सहित लगभग 50 किसानों ने भाग लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak