बंधू तिर्की ने नौ लाभुकों के बीच किया 510 चूजाें का वितरण

 


रांची, 19 अगस्त (हि.स.)। कृषि और पशुपालन मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की के प्रयास से बुधवार को चान्हो प्रखंड में योजना के तहत 09 लाभुकों के बीच 510 चूजों का वितरण किया।

इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने लाभुकों के बीच चूजों का वितरण किया। उन्होंने चूजे सौंपते हुए पशुपालन के माध्यम से स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर जोर दिया। बंधु तिर्की ने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को स्वरोजगार से जोड़ना और उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है। उन्होंने लाभुकों से योजना का बेहतर लाभ उठाकर अपनी आमदनी बढ़ाने और आत्मनिर्भर बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को रोजगार और आय का अतिरिक्त साधन उपलब्ध कराने में ऐसी योजनाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। सरकार की ओर से संचालित योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। मौके पर अधिकारियों ने लाभुकों को योजना के तहत उपलब्ध कराई गई सुविधा का उचित उपयोग करने की जानकारी दी।

कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी वरुण कुमार, अंचल अधिकारी संजीव कुमार, उत्क्रमित पशुपालन पदाधिकारी डॉ सुसवी, जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ हरविंदर पाल भगत, इरशाद खान, इश्तियाक अंसारी सहित अन्य अधिकारी सहित अन्य मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar