मंत्री शिल्पी ने किया बेकन फैक्ट्री का निरीक्षण, कहा आधुनिक तकनीक युक्त बनेगा फैक्ट्री
रांची, 28 सितंबर (हि.स.)।
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कांके के बेकन फैक्ट्री का सोमवार को निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने फैक्ट्री के पुनर्जीवन में आ रही तकनीकी और प्रशासनिक अड़चनों की जानकारी ली। विभागीय अधिकारियों के साथ उनके समाधान पर चर्चा की। हैदराबाद स्थित नेशनल मीट रिसर्च इंस्टीरच्यूुट (एनएमआरआई) से पहुंचे विशेषज्ञों और इंजीनियरों की टीम के साथ मंत्री ने फैक्ट्री की तकनीकी स्थिति, आवश्यक सुधार, आधुनिक सुविधाओं और भविष्य की कार्ययोजना पर भी विचार-विमर्श किया।
इस अवसर पर मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि बेकन फैक्ट्री केवल पुराना औद्योगिक संस्थान नहीं, बल्कि झारखंड के कृषि और पशुपालन क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण ऐतिहासिक विरासत है। सरकार का लक्ष्य सिर्फ फैक्ट्री को दोबारा शुरू करना नहीं, बल्कि इसे आधुनिक, तकनीकी रूप से सक्षम और दीर्घकालिक रूप से टिकाऊ संस्थान के रूप में विकसित करना है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन कार्यों के लिए आवश्यक क्लियरेंस मिल चुके हैं, उन्हें बिना अनावश्यक विलंब के पूरा किया जाए, ताकि जल्द जमीनी स्तर पर काम शुरू हो सके। लंबित प्रक्रियाओं और तकनीकी अनुमतियों की भी समीक्षा की गई।
मंत्री ने कहा कि फैक्ट्री के पुनर्जीवन के साथ इसकी ऐतिहासिक विरासत को भी संरक्षित किया जाएगा। परिसर में मौजूद पुरानी मशीनरी, उपकरण और अन्य ऐतिहासिक वस्तुओं को सुरक्षित रखने की योजना है। उन्होंने बताया कि स्थापना के दौर में यहां कर्मचारियों को प्रशिक्षण के लिए डेनमार्क तक भेजा गया था और परिसर में मौजूद पुरानी मर्सिडीज वैन भी उस समय की तकनीकी सोच की गवाही देती है।
उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और ऐतिहासिक विरासत के संगम से बेकन फैक्ट्री को फिर से विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके पुनर्जीवन से किसानों और पशुपालकों के लिए नए अवसर पैदा होने और पशुपालन आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar