नेता प्रतिपक्ष और रक्षा राज्य मंत्री ने दी सरहुल की बधाई
रांची, 21 मार्च (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने सरहुल के पावन पर्व की सभी को हार्दिक शुभकामनाएं दी है।
मरांडी ने शनिवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि यह पर्व प्रकृति, संस्कृति और आदिवासी परंपराओं का अद्भुत संगम है, जो हमें धरती, जल, जंगल और जीवन के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि ईश्वर से प्रार्थना है कि सरहुल आपके जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए।
वहीं, रांची के सांसद और रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने भी सरहुल की सभी को बधाई दी है।
सेठ ने शनिवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि बिना कुछ लिए, बिना किसी अपेक्षा के सृष्टि के आरम्भ काल से ही प्रकृति ने संपूर्ण जीवजगत को सिर्फ देने का काम किया है। प्रकृति के इस दातव्यता के प्रति आभार प्रकट करने का उल्लास ही सरहुल पर्व है।
उन्होंने कहा कि इस पर्व को प्रकृति के सबसे करीब रहने वाला आदिवासी समाज मनाता है, पर यह पर्व हर उस जीव के लिए है, जिसने प्रकृति से कुछ भी लिया है।
आइए, हमसब भी प्रकृति के प्रति आभार प्रकट कर, इस पर्व को मनाएं।
उन्होंने कहा कि प्रकृति को देना सीखें। सेठ ने सभी को सरहुल पर्व की अनंत शुभकामनाएं दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे