थाईलैंड में गोल्ड जीतने वाली युवा शूटर देवासी हेंब्रम को बाबूलाल मरांडी ने किया सम्मानित

 


रांची, 19 मई (हि.स.)। झारखंड की युवा निशानेबाज देवासी हेंब्रम ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य और देश का नाम रोशन किया है। थाईलैंड में आयोजित थर्ड इंटरनेशनल राइफल शूटिंग चैंपियनशिप-2026 में गोल्ड मेडल जीतने पर मंगलवार को झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने उन्हें सम्मानित किया।

इस अवसर पर बाबूलाल मरांडी ने देवासी की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने जो सफलता हासिल की है, वह पूरे झारखंड के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि राज्य में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें उचित अवसर और सहयोग देने की है।

जामताड़ा जिले की रहने वाली देवासी हेंब्रम बेहद साधारण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आती हैं। उनके पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। आर्थिक तंगी के कारण परिवार के लिए खेल से जुड़ी महंगी ट्रेनिंग, उपकरण और प्रतियोगिताओं का खर्च उठाना आसान नहीं था। इसके बावजूद देवासी ने अपने हौसले और मेहनत के दम पर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की।

संसाधनों की कमी के बावजूद देवासी लगातार अभ्यास करती रहीं और अपने लक्ष्य पर फोकस बनाए रखा। उनकी मेहनत और लगन का ही परिणाम है कि उन्होंने थाईलैंड में आयोजित प्रतिष्ठित शूटिंग प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतकर भारत का तिरंगा ऊंचा किया।

सम्मान समारोह के दौरान बाबूलाल मरांडी ने कहा कि देवासी जैसी प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव मदद की जानी चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अपने स्तर से वे हर संभव सहयोग करेंगे, ताकि देवासी भविष्य में और बड़ी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर देश का नाम रोशन कर सकें।

मरांडी ने राज्य सरकार और खेल विभाग से भी आग्रह किया कि ग्रामीण और गरीब परिवारों से आने वाले खिलाड़ियों के लिए बेहतर प्रशिक्षण, आर्थिक सहायता और खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि प्रतिभाएं संसाधनों के अभाव में पीछे न रह जाएं।------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे