झारखंड के छात्रों पर कार्रवाई को लेकर बाबूलाल का राहुल गांधी पर निशाना, पूछा- चुप क्यों हैं?

 


रांची, 23 अगस्त (हि.स.)। झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने छात्रों के मुद्दे को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देशभर में छात्रों के अधिकारों की बात करते हैं, लेकिन झारखंड में छात्रों पर हुई कार्रवाई के मुद्दे पर उनकी आवाज नहीं निकल रही है।

बाबूलाल मरांडी ने रविवार को सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट के जरिए राहुल गांधी से सवाल किया कि झारखंड में कांग्रेस गठबंधन की सरकार है, तो यहां छात्रों के साथ हुए व्यवहार पर वे चुप क्यों हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा घेराव के दौरान शांतिपूर्ण मार्च कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया। इसके अलावा, पहले से घोषित पुतला दहन कार्यक्रमों के दौरान भी छात्रों के खिलाफ पुलिस और सत्ताधारी दल के लोगों की कार्रवाई देखने को मिली।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि झारखंड के छात्र अपने भविष्य और नौकरी के लिए सड़कों पर आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार के संरक्षण में युवाओं के साथ अन्याय हो रहा है और नौकरी की प्रक्रिया को लेकर छात्रों का भरोसा लगातार कमजोर हो रहा है।

बाबूलाल मरांडी ने राहुल गांधी से पूछा कि जब वे देश के दूसरे हिस्सों में छात्रों के मुद्दे उठाते हैं, तो झारखंड के छात्रों के लिए उनकी आवाज क्यों नहीं उठती। उन्होंने राहुल गांधी पर दोहरी राजनीति करने का आरोप लगाया।

भाजपा नेता ने कहा कि देश की जनता सब कुछ देख रही है। नेता की कथनी और करनी में अंतर नहीं होना चाहिए। बाबूलाल मरांडी ने अपने बयान के अंत में राहुल गांधी पर तीखा तंज कसते हुए उन्हें 'ठग मास्टर' तक कह दिया।----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे