हटिया में 23 अप्रैल को मनाया जाएगा 'बाबू वीर कुंवर सिंह विजयोत्सव'

 


रांची, 14 अप्रैल (हि.स.)। बाबू वीर कुंवर सिंह विजय दिवस समारोह समिति की ओर से मंगलवार को धुर्वा स्थित हटिया प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक में 23 अप्रैल को बाबू वीर कुंवर सिंह की जयंती एवं विजयोत्सव समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

बैठक के दौरान हेवी इंजीनियर्स कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचईसी) की वर्तमान वित्तीय स्थिति कमजोर होने के कारण कामगारों से चंदे की राशि कम मिलने की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई।

समिति के महासचिव लीलाधर सिंह ने कहा कि एचईसी नगर क्षेत्र में वर्ष 1962 से लगातार बाबू वीर कुंवर सिंह का विजयोत्सव मनाया जाता रहा है। उन्होंने बताया कि पहले एचईसी प्रबंधन और कामगार मिलकर इस आयोजन को सफल बनाते थे, लेकिन पिछले दो-तीन वर्षों से प्रबंधन का सहयोग नहीं मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि बाबू वीर कुंवर सिंह का 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान और उनका साहस आज भी प्रेरणास्रोत है। बैठक की अध्यक्षता गिरीश कुमार सिंह चौहान ने की।

बैठक में राणाप्रताप सिंह, अवधेश सिंह, सरजू सिंह, धनंजय श्रीवास्तव, राममोहन बैठा, दिलीप कुमार सिंह, सुधीर कुमार मिश्र, नौशाद, खुर्शीद आलम, भोला साव, जगन्नाथ राम, सीएस दास सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar