गंगा दशहरा पर बाबा बैद्यनाथ मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, शिवगंगा में स्नान कर किया पूजा-अर्चना
देवघर, 25 मई (हि.स.)। गंगा दशहरा के पावन अवसर पर सोमवार को बाबा बैद्यनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही श्रद्धालु शिवगंगा में स्नान करने के बाद बाबा मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए कतारबद्ध होने लगे थे। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल देखने को मिला।
सुबह सरकारी पूजा संपन्न होने के बाद बाबा बैद्यनाथ मंदिर के गर्भगृह का पट आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया। इसके बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक और पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस प्रशासन के जवान विभिन्न स्थानों पर तैनात रहकर व्यवस्था संभालते नजर आए।
वहीं, शीघ्र दर्शनम कूपन काउंटर पर भी श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। अधिक भीड़ के कारण कुछ समय के लिए वहां अफरा-तफरी जैसी स्थिति भी उत्पन्न हो गई, हालांकि प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
गंगा दशहरा का पर्व प्रत्येक वर्ष ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि को मनाया जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इसी दिन मां गंगा का स्वर्ग से पृथ्वी पर अवतरण हुआ था। इस अवसर पर गंगा नदी अथवा गंगाजल से स्नान और पूजा-पाठ का विशेष महत्व माना जाता है।
मंदिर के पुरोहित अजय परिहस्त ने बताया कि गंगा दशहरा हिन्दू धर्म का अत्यंत पवित्र और महत्वपूर्ण पर्व है। उन्होंने कहा कि इस दिन गंगा नदी या देवघर स्थित शिवगंगा में स्नान, दान-पुण्य और पूजा-अर्चना करने से व्यक्ति ज्ञात और अज्ञात पापों से मुक्त होकर मोक्ष की प्राप्ति करता है।
उन्होंने बताया कि गंगा दशहरा के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु देवघर पहुंचकर शिवगंगा में स्नान-ध्यान करने के बाद बाबा बैद्यनाथ की पूजा-अर्चना करते हैं। बाबा धाम स्थित शिवगंगा में स्नान का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है, जिसके कारण हर वर्ष इस अवसर पर यहां श्रद्धालुओं की बड़ी भीड़ उमड़ती है।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy